मंधाना ने तोड़ा हिटमैन का रिकॉर्ड, ऐसा करने वाली पहली भारतीय; बाबर को भी पछाड़ने की दहलीज पर

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

नई दिल्ली 18 अप्रैल 2026। भारतीय महिला टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इतिहास रच दिया है। वह पुरुषों और महिलाओं को मिलाकर टी20 अंतरराष्ट्रीय में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली भारतीय बन गई हैं। इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया। अब वह टी20 अंतरराष्ट्रीय में दुनिया भर के बल्लेबाजों को मिलाकर बाबर आजम को पीछे छोड़ने के करीब हैं। हालांकि, भारतीय महिला टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

13 रन बनाकर भी तोड़ा रोहित का रिकॉर्ड
डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में खेले गए भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मैच में मंधाना हालांकि बड़ी पारी नहीं खेल सकीं। वह सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हो गईं, लेकिन इन 13 रनों की बदौलत उन्होंने रोहित के 4231 रनों के आंकड़े को पार कर लिया। अब मंधाना के नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में 161 मैचों की 155 पारियों में 4244 रन दर्ज हो गए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 124.39 का रहा है। इसमें 33 अर्धशतक और एक शतक शामिल है।

भारत-द. अफ्रीका मैच में क्या हुआ?
मैच की बात करें तो भारत और दक्षिण अफ्रीका की महिला टीमों के बीच शुक्रवार को पांच टी20 मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला खेला गया। इसमें टीम इंडिया को छह विकेट से हार का सामना करना पड़ा।दक्षिण अफ्रीका की कप्तान एल वोल्वार्ड्ट ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम के लिए शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पारी की शुरुआत की और पहले विकेट के लिए पांच ओवर में 46 रन जोड़े। वर्मा 20 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 34 रन बनाकर आउट हुईं। इसके ठीक बाद मंधाना भी 13 रन बनाकर आउट हो गईं। 

हरमनप्रीत और रोड्रिग्स ने पारी संभाली
48 रन पर दो विकेट गंवा चुकी भारतीय टीम को जेमिमा रोड्रिग्स और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने संभाला। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 71 रन की साझेदारी की। रोड्रिग्स 29 गेंदों पर 36 रन बनाकर आउट हुईं। टीम इंडिया के निचले क्रम के बल्लेबाजों ने निराश किया। किसी ने भी क्रीज पर मौजूद कप्तान कौर का साथ नहीं दिया। कौर 33 गेंदों पर एक छक्का और पांच चौकों की मदद से 47 रन बनाकर नाबाद लौटीं। भारतीय टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 157 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका के लिए अयाबोंगा खाका ने तीन, टुमी सेखुखुने ने दो, और एन मलाबा ने एक विकेट लिए।

द. अफ्रीका ने 20वें ओवर में हासिल किया लक्ष्य
158 रन के लक्ष्य को दक्षिण अफ्रीका ने 19.1 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। पारी की शुरुआत करने आईं कप्तान एल वोल्वार्ड्ट ने 39 गेंदों पर आठ चौकों की मदद से 51 रन की पारी खेली। एनेरी डर्कसन 34 गेंदों पर 44 रन बनाकर नाबाद रहीं। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी हुई। क्लो ट्रायोन 16 गेंदों पर 18 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत की तरफ से श्रेयांका पाटिल ने चार ओवर में 26 रन देकर दो विकेट लिए। अरुंधती रेड्डी और श्री चरणी को एक-एक विकेट मिला।

हार के बाद क्या बोलीं जेमिमा और मंधाना?
पहले टी20 में जीत के साथ सीरीज में दक्षिण अफ्रीका ने 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा मैच रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा। मंधाना के पास इस सीरीज में चार मुकाबले और हैं। ऐसे में वह बाबर के आंकड़े को पीछे छोड़ नया रिकॉर्ड बनाना चाहेंगी। मैच के बाद जेमिमा ने कहा कि भारतीय टीम ने 15-20 रन कम बनाए थे। उन्होंने कहा कि पहली पारी के दौरान परिस्थितियां बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं थीं। गेंद रुक कर बल्ले पर आ रही थी। वहीं, मंधाना ने हार के बाद कहा कि एक बैटिंग यूनिट के तौर पर हम खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि एक अच्छी चीज यह रही कि हमने दक्षिण अफ्रीका को अच्छी टक्कर दी और मैच आखिरी ओवर तक ले गए।

Leave a Reply

Next Post

महिला आरक्षण विधेयक गिरने पर रार: थरूर बोले- हम महिलाओं के खिलाफ नहीं; परिसीमन मुद्दे पर गंभीर चर्चा की मांग

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव नई दिल्ली 18 अप्रैल 2026। संसद में महिलाओं को प्रतिनिधित्व देने वाले अहम विधेयक को लेकर बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।लोकसभा में शुक्रवार शाम संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पर मतदान हुआ था, जिसमें कुल 528 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इनमें 298 सांसदों ने विधेयक […]

You May Like

जांजगीर-चांपा में घर में फंदे पर लटकी मिली महिला....|....2 लाख रुपए की लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार....|....अस्पताल परिसर में जुआ खेलते 12 जुआरी पकड़े, कार-बाइक समेत लाखों का माल जब्त....|....एक करोड़ के बीमा क्लेम में हेराफेरी....|....छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह तक मानसून रहेगा सक्रिय....|....भारी बरिश के चलते रेल परिचालन प्रभावित....|....सिक्किम की निर्माणाधीन टनल पर लैंडस्लाइड, 10 मजदूरों की मौत....|....पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी स्पीकर से मिले....|....लोहिया कॉर्प 23 से निवेशकों के लिए खोलेगी 3,547 करोड़ रुपए का पब्लिक इश्यू....|....23 जुलाई से खुलेगा इंडो एमआईएम का ₹3812 करोड़ का आईपीओ