
इंडिया रिपोर्टर लाइव
वांशिगटन 08 जून 2026। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर मीडिया के साथ तीखी बहस को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने एनबीसी न्यूज की पत्रकार क्रिस्टन वेल्कर के साथ इंटरव्यू के दौरान न केवल तीखी बहस की, बल्कि इंटरव्यू बीच में ही छोड़कर चले गए। ट्रंप ने पत्रकार और मीडिया संस्थानों पर पक्षपातपूर्ण और बेईमान होने का आरोप लगाया। रविवार को प्रसारित हुए इस इंटरव्यू में ट्रंप ने कैलिफोर्निया के गवर्नर चुनाव का मुद्दा उठाते हुए दावा किया कि चुनाव परिणाम आने में देरी इसलिए हो रही है क्योंकि चुनाव में धांधली की जा रही है। उन्होंने कहा कि मतदान के चार दिन बाद भी नतीजे घोषित नहीं हो पाए हैं, जो उनके अनुसार चुनावी गड़बड़ी का संकेत है।
2020 पुराने आरोप भी ट्रंप ने दोहराए
ट्रंप ने 2020 के अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपने पुराने आरोप भी दोहराए। उन्होंने कहा कि 2020 का चुनाव धांधली वाला था और अब कैलिफोर्निया में भी वैसा ही हो रहा है। जब पत्रकार क्रिस्टन वेल्कर ने उनसे इन आरोपों के समर्थन में सबूत मांगे तो ट्रंप ने कहा, ‘मुझे सिर्फ देखना है, वही काफी है’। वहीं पत्रकार ने जब उन्हें याद दिलाया कि अदालतों और चुनाव अधिकारियों ने ऐसे आरोपों की पुष्टि नहीं की है, तो ट्रंप नाराज हो गए। उन्होंने कहा, ‘वे सभी भ्रष्ट हैं, ठीक आपकी तरह। आपका प्रेस भ्रष्ट है और ‘मीट द प्रेस’ भी भ्रष्ट है’।
या तो आप भ्रष्ट हैं या फिर मूर्ख हैं- ट्रंप
इस दौरान पत्रकार ने अपना बचाव करते हुए कहा कि वह भ्रष्ट नहीं हैं, लेकिन ट्रंप ने जवाब दिया, ‘या तो आप भ्रष्ट हैं या फिर मूर्ख हैं। आप जानते हैं कि चुनावों में धांधली हो रही है और आपका नेटवर्क भी यह जानता है’। बहस बढ़ने के साथ ट्रंप ने एनबीसी के अलावा एबीसी, सीबीएस और सीएनएन जैसे अन्य प्रमुख अमेरिकी मीडिया संस्थानों को भी ‘एकतरफा’ और ‘भ्रष्ट’ बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका चुनाव प्रबंधन के मामले में ‘तीसरी दुनिया के देश’ जैसा बन गया है। कुछ देर बाद ट्रंप ने स्पष्ट रूप से कहा कि अब वह इंटरव्यू जारी नहीं रखना चाहते। उन्होंने कहा, ‘बस, अब बहुत हो गया। यहीं खत्म करते हैं। धन्यवाद’। इसके बाद वह इंटरव्यू छोड़कर चले गए।
पत्रकार के रोकने पर भी नहीं रुके ट्रंप
हालांकि वेल्कर ने उन्हें रोकने और बातचीत जारी रखने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि वह इस इंटरव्यू के लिए विशेष रूप से विस्कॉन्सिन तक आई हैं। इस पर ट्रंप ने जवाब दिया कि उन्होंने बारिश में एक घंटे तक इंटरव्यू दिया है और अब काफी समय दे चुके हैं। उन्होंने मीडिया से सुधरने की भी सलाह दी।
इंटरव्यू के दौरान 6 जनवरी 2021 को अमेरिकी संसद भवन (कैपिटल) पर हुए हमले का मुद्दा भी उठा। वेल्कर ने पूछा कि क्या पुलिस अधिकारियों पर हमला करने के आरोप में दोष स्वीकार करने वाले लोगों को ट्रंप के प्रस्तावित ‘एंटी-वेपनाइजेशन फंड’ से लाभ मिल सकता है। इस सवाल पर भी ट्रंप असहज नजर आए और उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि कई लोगों ने लंबे जेल की सजा के डर से दोष स्वीकार किया था।
ट्रुथ सोशल पर ट्रंप का पोस्ट
इसके बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में लिखा- क्या किसी ने कैलिफोर्निया में चल रहे इस धांधली भरे चुनाव पर नजर रखी है? दो दिग्गज रिपब्लिकन उम्मीदवारों के साथ धोखा हो रहा है, और अमेरिका के साथ भी। अगर डेमोक्रेट्स अपने मकसद में कामयाब हो गए, तो बहुत बड़ी मुसीबत और अफरा-तफरी मच जाएगी। इस ‘चुनाव’ पर बारीकी से नजर रखें!!!


