बैंक ऑफ इंडिया ने रचा नया रिकॉर्ड

इंडिया रिपोर्टर लाइव
अनिल बेदाग
मुंबई, 25 जुलाई 2026। बैंक ऑफ इंडिया ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (30 जून 2026 तक) के शानदार वित्तीय नतीजे घोषित किए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ सालाना आधार पर 36.23% बढ़कर ₹3,068 करोड़ पहुंच गया। वहीं ऑपरेटिंग प्रॉफिट 25.99% की बढ़ोतरी के साथ ₹5,051 करोड़ रहा। बैंक का रिटर्न ऑन एसेट्स (ROA) 1.01% और रिटर्न ऑन इक्विटी (ROE) 16.12% तक पहुंच गया, जो बेहतर परिचालन प्रदर्शन को दर्शाता है।
बैंक का कुल वैश्विक कारोबार 16.57% बढ़कर ₹17.56 लाख करोड़ हो गया। ग्लोबल डिपॉजिट 14.90% बढ़कर ₹9.58 लाख करोड़ और ग्लोबल एडवांस 18.64% बढ़कर ₹7.98 लाख करोड़ पर पहुंच गए। घरेलू जमा में 16.15% और घरेलू कर्ज में 19.20% की मजबूत वृद्धि दर्ज की गई। रिटेल, कृषि और एमएसएमई (RAM) ऋण 19.75% बढ़कर ₹3.93 लाख करोड़ हो गया, जो घरेलू सकल कर्ज का 58.30% है।
एसेट क्वालिटी में भी उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। सकल एनपीए घटकर 1.81% और शुद्ध एनपीए 0.51% पर आ गया। बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात (CRAR) 18.69% रहा, जबकि डिजिटल लेनदेन की संख्या 22% बढ़कर 208 करोड़ हो गई। इन नतीजों ने बैंक की मजबूत वित्तीय स्थिति और सतत विकास की दिशा को और मजबूत किया।


