एलन मस्क पर भी साधा निशाना

इंडिया रिपोर्टर लाइव
उन्नाव, 16 अक्टूबर 2026। उन्नाव जिले में एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने सेंट्रल पार्क में सीजेपी के लहरा दो तिरंगा विरोध प्रदर्शन पर तीखा बयान दिया है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि यह पूरा आंदोलन एलन मस्क के इशारे पर संचालित किया जा रहा है और यह देश के खिलाफ एक बहुत बड़ी सोची-समझी साजिश है।
बृजभूषण शरण सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि हमारे देश की तुलना बेवजह बांग्लादेश और पाकिस्तान जैसे देशों से की जा रही है, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है। उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि देश के इतिहास में यह पहला मौका है जब सुप्रीम कोर्ट को डराने के नापाक इरादे से इस तरह का मार्च आयोजित किया गया है, जो पहले कभी नहीं देखा गया था।
विदेशी ताकतों और व्यापारिक शर्तों पर साधा निशाना
भाजपा नेता ने विदेशी ताकतों पर हमला बोलते हुए कहा कि ये वही लोग हैं] जो भारत जैसे विशाल देश में व्यापार तो करना चाहते हैं, लेकिन केवल अपनी शर्तों पर। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे ही विदेशी तत्व इस तरह के आंदोलनों को बढ़ावा दे रहे हैं और देश की आंतरिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं।


