पुलिस ने फायर ब्रिगेड के लिए खाली कराई चौपाटी

इंडिया रिपोर्टर लाइव
इंदौर, 02 सितंबर 2026। इंदौर के सराफा क्षेत्र में सोने-चाँदी की एक दुकान में मंगलवार देर रात आग लग गई। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग पर काबू पाने के लिए सराफा थाने की पुलिस ने पहले सराफा चौपाटी खाली कराई, ताकि फायर ब्रिगेड के वाहन आ सकें। आग लगने के बाद चौपाटी में धुआँ फैल गया था और अफरा-तफरी मच गई थी। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। इस कारण ज्यादा नुकसान नहीं हुआ।
बड़ा सराफा की एक दुकान में लोगों ने देर रात धुआँ निकलते देखा तो फायर ब्रिगेड को सूचना दी। तब चौपाटी चालू थी और काफी लोग चौपाटी में थे। फायर ब्रिगेड के आने से पहले पुलिस ने मोर्चा संभाला और सराफा चौपाटी खाली कराई।
दुकानदारों ने भी सामान समेटा और फायर ब्रिगेड के आने से पहले चौपाटी हट गई। आग मजीद पिता अब्दुल गफ्फार की मॉडर्न ज्वेलर्स दुकान में लगी थी। आग बुझाने के लिए गांधी हॉल स्टेशन से दो दमकलें मौके पर पहुँचीं। पहले गली की बिजली गुल की गई। फिर फायर ब्रिगेड ने पानी की बौछार दुकान में मारना शुरू की। आग की लपटों पर धीरे-धीरे काबू पा लिया गया। आग बुझाने में डेढ़ घंटा लगा। आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। दुकान में एसी भी लगे थे।
पहले भी लग चुकी है आग
सराफा में आग लगने की घटना सालभर पहले भी हुई थी। तब दमकलों को मौके पर पहुँचने में काफी परेशानी आई थी। इसके बाद चौपाटी में स्टॉल सीमित करने का फैसला लिया गया था, ताकि आग या अन्य घटना होने पर मौके पर बचाव व राहत कार्यों को आसानी से अंजाम दिया जा सके। मंगलवार को वाहन सड़कों पर पार्क होने के कारण दमकलों को गली तक आने में परेशानी आई थी।


