सिंघार-पटवारी ने सरकार को घेरा, पूछा- शराब माफिया किसके संरक्षण में?

इंडिया रिपोर्टर लाइव
भोपाल, 06 सितंबर 2026। सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मौतों की खबर के बाद कांग्रेस ने सरकार और प्रशासन पर सवाल खड़े किए हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अलग-अलग बयानों में घटना को गंभीर बताते हुए अवैध शराब के कारोबार पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उमंग सिंघार ने कहा कि सागर में जहरीली और अवैध शराब ने कई परिवारों को उजाड़ दिया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक 11 लोगों की मौत और 25 से ज्यादा लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की बात सामने आई है। उन्होंने कहा कि मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका को देखते हुए सरकार तत्काल उच्चस्तरीय जांच टीम सागर भेजे।
तत्काल आर्थिक सहायता की मांग
सिंघार ने सवाल उठाया कि सरकार की नाक के नीचे अवैध शराब का कारोबार कैसे चल रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मृतकों के परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने, जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
किसके संरक्षण में चल रहा जहरीली शराब का कारोबार?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सागर जिले के बंडा क्षेत्र के घूघर, नौराज, बराज और आसपास के गांवों में जहरीली शराब से करीब 14 लोगों की संदिग्ध मौत की सूचना का हवाला दिया। पटवारी ने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि जहरीली शराब का कारोबार किसके संरक्षण में है और शराब माफिया बेखौफ क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि गरीबों की जान जाने के बाद ही सरकार क्यों जागती है। पटवारी ने पूरे मामले की तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के साथ उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करने और मृतकों के परिवारों को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की।
दोनों नेताओं ने उठाया एक ही सवाल
उमंग सिंघार और जीतू पटवारी ने सरकार से अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर निर्णायक कार्रवाई की मांग की है। दोनों नेताओं का कहना है कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई करने के बजाय जहरीली शराब के कारोबार के पीछे मौजूद पूरे तंत्र और संरक्षण देने वालों तक पहुंचना जरूरी है। कांग्रेस ने सरकार से सवाल किया है कि आखिर प्रदेश में बार-बार जहरीली शराब के मामले सामने आने के बावजूद अवैध शराब का कारोबार क्यों नहीं रुक रहा?


