तेल अवीव से वियना जा रही फ्लाइट को बम की धमकी

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

सोफिया, 19 अक्टूबर 2026। इस्राइल के तेल अवीव से ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना जा रहे एक विमान को बम की धमकी मिलने से फ्लाइट में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के बाद फ्लाइट को बुल्गारिया की राजधानी सोफिया की ओर मोड़ दिया गया और आपात स्थिति में उतारा गया। बुल्गारिया के सरकारी टेलीविजन ने यह जानकारी दी।

बीएनटी की रिपोर्ट के मुताबिक, परिवहन मंत्रालय के बयान का हवाला देते हुए बताया गया कि रविवार शाम उड़ान भरने वाले विमान में 51 यात्री और चालक दल के छह सदस्य सवार थे। सभी लोग सुरक्षित विमान से उतर गए। विमान के चालक दल के एक सदस्य ने बम की धमकी मिलने की सूचना दी थी।

लड़ाकू विमान ने की विमान की निगरानी
धमकी की सूचना मिलने के बाद वायुसेना के एक लड़ाकू विमान ने एयरबस ए320 को सोफिया में उतरने तक सुरक्षा निगरानी प्रदान की। बुल्गारिया के रक्षा मंत्रालय ने भी पुष्टि की कि विमान में बम की धमकी मिलने के बाद लड़ाकू विमानों को कार्रवाई के लिए भेजा गया था। घटना की जांच की जा रही है। हालांकि, संबंधित एयरलाइन का नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है। विमान से सामान्य आपातकालीन संकेत मिलने के बाद बुल्गारियाई वायुसेना के मिग-29 लड़ाकू विमान ने उसे एस्कॉर्ट करते हुए हवाई अड्डे तक पहुंचाया। जानकारी के मुताबिक, विमान की सुरक्षा जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद यात्रियों को वैकल्पिक उड़ानों से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।

मामले की जांच शुरू
बुल्गारिया के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि घटना से निपटने के लिए एक संकट प्रतिक्रिया दल बनाया गया है। मामले की जांच भी शुरू कर दी गई है। फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, विमान ने रविवार को स्थानीय समयानुसार शाम 6:46 बजे इस्राइल के बेन गुरियन हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। यह रात 9:43 बजे सोफिया के वासिल लेव्स्की हवाई अड्डे पर उतरा। फ्लाइटरडार24 के आंकड़ों के मुताबिक, विमान रात करीब 9:10 बजे रोमानिया के हवाई क्षेत्र में दाखिल हुआ था। इसके बाद उसने दक्षिण की ओर मुड़कर बुल्गारिया का रुख किया। एडीएस-बी एक्सचेंज के आंकड़ों में भी इसी समय विमान से 7700 स्क्वॉक कोड प्रसारित होने की जानकारी सामने आई। यह कोड सामान्य आपातकालीन स्थिति का संकेत देता है।

फ्लाईदुबई विमान घटना के बाद मिली बम की धमकी
यह घटना तेल अवीव जाने वाली फ्लाईदुबई की एक अन्य फ्लाइट से जुड़ी घटना के कुछ सप्ताह बाद हुई है। उस मामले में सह-पायलट पर कथित तौर पर कुल्हाड़ी से पायलट पर हमला करने का आरोप लगा था। इसके बाद विमान का रास्ता बदलकर उसे सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया था। बाद में संयुक्त अरब अमीरात के अधिकारियों ने कहा था कि सह-पायलट की कथित योजना तेल अवीव के बेन गुरियन हवाई अड्डे पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की थी। 

Leave a Reply

Next Post

स्टारलिंक सुरक्षा के लिए खतरा क्यों?: जेलेंस्की के आरोपों ने छेड़ी नई बहस

शेयर करेभारत यूं ही नहीं अपना रहा सख्त रुख इंडिया रिपोर्टर लाइव  कीव, 19 अक्टूबर 2026। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के एक बयान ने युद्ध के मैदान में तकनीक की ताकत और उस पर निर्भरता से जुड़े सवालों को फिर चर्चा में ला दिया है। जेलेंस्की ने आरोप लगाया […]

You May Like

मोना ने अवनि को पछाड़कर जीता स्वर्ण....|....'गजब रात' में सजेगी यारों की महफिल....|....स्टारलिंक सुरक्षा के लिए खतरा क्यों?: जेलेंस्की के आरोपों ने छेड़ी नई बहस....|....तेल अवीव से वियना जा रही फ्लाइट को बम की धमकी....|....सूखे नशे और शराब के कारण प्रदेश के युवा बर्बाद हो रहे- कांग्रेस....|....बढ़े बिजली के दाम के साथ कोयले का सेस जनता पर अत्याचार - कांग्रेस....|....इंसानों और वन्यजीव संघर्ष की जिम्मेदार भाजपा सरकार, कॉर्पोरेट परस्त नीतियों ने जंगल उजाड़े, नदियाँ जहरीली की - कांग्रेस....|....सात समंदर पार वाला प्यार: जांजगीर की क्रिस्टीना ने नीदरलैंड के शिप कैप्टन से की शादी....|....जीपीएम में रफ्तार का कहर, दो सड़क हादसों में दो की मौत....|....वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन: 40,000 लोग हुए शामिल