तांडव कर यश ने दिखाई लंकेश की पहली झलक

इंडिया रिपोर्टर लाइव
मुंबई, 21 अक्टूबर 2026। फिल्म ‘रामायण’ के मेकर्स ने दशहरा को मौके पर अभिनेता यश को रावण के रूप में प्रस्तुत किया। रावण की शिव भक्ति पर आधारित इस वीडियो में फिल्म की रिलीज से पहले उनके किरदार के अलग-अलग रंगों को दिखाया गया है।
दशहरा पर सामने आई रावण की झलक
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ में अभिनेता यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म निर्माताओं ने दशहरा के अवसर पर उनके किरदार की नई झलक फैंस को दिखाई है। इस वीडियो को हिंदी में ‘राइज ऑफ असुर’ शीर्षक दिया गया है। इसमें यश बिल्कुल ही अलग अंदाज में दिख रहे हैं। इस गाने का संगीत ए आर रहमान ने दिया है, डॉ. कुमार विश्वास ने गीत लिखे हैं और विशाल ददलानी ने हिंदी संस्करण को अपनी आवाज दी है।
शिव की भक्ति में लीन रावण
इस वीडियो की शुरूआत रावण द्वारा अपनी हथेली को कटार से काटने और फिर माथे पर त्रिपुंड तिलक लगाने से होती है, क्योंकि वह अनुष्ठान के लिए तैयार हो रहा होता है। भगवान शिव की विशाल प्रतिमा के समक्ष आरती करने के बाद, वह तांडव नृत्य शुरू करता है, जिससे सीन में एक अलग ही एनर्जी दिखाई दी। इसे देखकर फैंस को यश की अपने किरदार के प्रति तैयारी का अंदाजा होता है।
शिव तांडव में दिखा दम
फिल्म ‘रामायण’ के पहले भाग में लंकेश बनने के पहले उसकी भक्ति और पराक्रम को दिखाया गया है। इस एक मिनट 55 सेकंड में रावण के रूप में यश काफी प्रभावशाली नजर आए। भगवान शिव के प्रति रावण के समर्पण को दिखाने के लिए शिव तांडव स्तोत्रम की धुन पर वह नृत्य करते दिखाई देते हैं।
यश और एक्शन का पुराना नाता
कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश, नितेश तिवारी की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ में रावण की भूमिका निभाते हुए दिखाई देंगे। ‘केजीएफ’ में अपने दमदार अंदाज से पहचान बनाने वाले यश को रावण के रूप में देखने के लिए दर्शकों पहले से ही काफी उत्साहित हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका में नजर आएंगे। यश का यह किरदार रावण की शक्ति, महत्वाकांक्षा और अहंकार को किस तरह प्रस्तुत करेगा, यह देखना दिलचस्प होगा।


