
इंडिया रिपोर्टर लाइव
नई दिल्ली 18 अप्रैल 2026। लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक गिरने पर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने मोदी सरकार पर तंज किया है। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु ने दिल्ली को हरा दिया। तमिलनाडु ने संघर्ष किया, तमिलनाडु जीता। वहीं, पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने कहा कि परिसीमन विधेयक की हार से भाजपा की बेचैनी उजागर हुई है। द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि दक्षिण भारत के राज्य एकजुट रहे और उन्होंने अपनी आवाज बुलंद की, और लोकतंत्र की जीत हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार महिला आरक्षण विधेयक को लोकसभा से अलग करके पारित कर सकती थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं किया। यह सब महिलाएं देख रही हैं। विधेयक के गिरने पर प्रतिक्रिया देते हुए स्टालिन ने सोशल मीडिया पर परिसीमन विधेयक की प्रति को जलाते हुए अपनी एक तस्वीर साझा की।
द्रमुक नेताओं ने मनाई खुशी, बांटे मिठाई
द्रमुक नेताओं ने संसद में विधेयक की हार का जश्न मनाने के लिए मिठाई बांटी और पटाखे फोड़े। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, लोकसभा में परिसीमन विधेयक की हार से भाजपा की बेचैनी सबके सामने आ गई है।
स्टालिन-राहुल नहीं करेंगे साझा चुनाव प्रचार
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए द्रमुक और कांग्रेस के बीच तालमेल को लेकर जारी कयासों पर विराम लग गया है। द्रमुक के संगठनात्मक सचिव आरएस भारती ने कहा कि मुख्यमंत्री एमके स्टालिन और राहुल गांधी व्यस्त कार्यक्रमों के कारण साथ चुनाव प्रचार नहीं करेंगे। दोनों के यात्रा कार्यक्रम पहले से तय हैं, इसलिए समय के अभाव में साझा रैली संभव नहीं है। यह स्पष्टीकरण भाजपा नेता के. अन्नामलाई के बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि राहुल गांधी गठबंधन की हार चाहते हैं।


