कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर रिक्त पदों पर भर्ती नहीं करने का लगाया आरोप

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 01 सितंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने भाजपा सरकार पर रिक्त पदों पर भर्ती नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून-व्यवस्था तीनों व्यवस्थाएं कर्मचारियों की भारी कमी से जूझ रही हैं। स्कूलों में 60 हजार शिक्षको की कमी हैं, सरकारी अस्पतालों में 80 प्रतिशत डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मियों के पद खाली हैं। थानों में पुलिस बल की भारी कमी है जिसके कारण मौजूदा पुलिसकर्मियों पर काम का अतिरिक्त बोझ है। अपराध अनियंत्रित है, नशीली वस्तुओं की तस्करी जोरो पर है। इसके बावजूद सरकार नई भर्ती करने के बजाय केवल घोषणाओं और विज्ञापनों में व्यस्त है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार बताए कि जब सरकारी विभागों में हजारों पद खाली है तो भर्ती प्रक्रिया शुरू करने में इतनी हिचकिचाहट क्यों? क्या सरकार को प्रदेश के बच्चों की पढ़ाई, मरीजों का इलाज और नागरिकों की सुरक्षा की चिंता नहीं है?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि एक शिक्षक पर सैकड़ों बच्चों की जिम्मेदारी डालकर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की बात करना महज दिखावा है। डॉक्टरों की कमी के कारण अस्पतालों में मरीज परेशान हैं और पुलिस बल की कमी से कानून-व्यवस्था संभालने वाले जवानों पर लगातार दबाव बढ़ रहा है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार ने युवाओं को 1 लाख सरकारी नौकरी और 57 हजार शिक्षको की भर्ती कर रोजगार देने के बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन सरकारी विभागों में खाली पद भरने के बजाय, युवाओं को इंतजार कराया जा रहा है। सरकार को बताना चाहिए कि भर्ती के नाम पर कैलेंडर कब आएगा, खाली पद कब भरे जाएंगे और शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार कब मिलेगा?
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि सरकार के पास यदि विज्ञापन और प्रचार के लिए पैसा है तो शिक्षक, डॉक्टर और पुलिस की भर्ती के लिए पैसा क्यों नहीं? जनता को भाषण नहीं, स्कूल में शिक्षक, अस्पताल में डॉक्टर और थाने में पर्याप्त पुलिस बल चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने कहा कि भाजपा सरकार की प्राथमिकता यदि सचमुच सुशासन है तो तुरंत सभी विभागों के रिक्त पदों का श्वेत पत्र जारी करे और समयबद्ध भर्ती अभियान शुरू करे। लेकिन भाजपा सरकार को प्रदेश की जनता की समस्याओं से ज्यादा अपनी राजनीतिक ब्रांडिंग की चिंता है।


