मुंबई की जानलेवा बारिश: कहीं गिरी चॉल, कहीं पेड़ तो कहीं ग्रिल; हादसों में आठ की मौत, बरसात ने बरपाया कहर

शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

मुंबई 06 जुलाई 2026। मुंबई में जारी भीषण बारिश कहर बरपा रही है। मुंबई में रविवार को हुई भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक चॉल का हिस्सा ढह जाने से छह लोगों की मौत हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया। वहीं, पेड़ गिरने की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई। इतना ही नहीं, फुटपाथ पर एक इमारत पर लगी ग्रिल गिरने से भी एक शख्स की मौत हो गई। रविवार की सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक दक्षिण मुंबई में 51 मिमी, जबकि पूर्वी और पश्चिमी उपनगरों में क्रमश: 72 मिमी और 71 मिमी बारिश दर्ज की गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शाम के बाद बारिश की तीव्रता बढ़ गई और कई इलाकों में तेज बारिश हुई। वहीं, खराब मौसम के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान संचालन भी एक घंटे के लिए रोकना पड़ा।

मुंबई में भरभराकर गिरी चॉल, छह की मौत
मुंबई में रविवार रात भारी बारिश के बीच मानखुर्द इलाके में एक तीन मंजिला चॉल ढह गई। इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। अधिकारियों के अनुसार, मलबे में एक और व्यक्ति के फंसे होने की आशंका है। उसे निकालने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) समेत कई एजेंसियों की टीमों द्वारा बचाव अभियान चलाया जा रहा है। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने बताया कि चार महिलाओं और एक पुरुष को शताब्दी अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एक अन्य पुरुष को राजावाड़ी अस्पताल में मृत घोषित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा रात करीब 8:30 बजे मंडाला इलाके में हनुमान मंदिर के पीछे जनता नगर स्थित चॉल नंबर-5 में हुआ।

शख्स पर गिरी ग्रिल
नवी मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के असिस्टेंट कमिश्नर सहदेव येडवे ने बताया, “रविवार शाम करीब 6:30 बजे, दीवार के साथ लगी एक ग्रिल फुटपाथ पर गिर गई। वहां से गुजर रहा एक युवक इसकी चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। इस बिल्डिंग के स्ट्रक्चरल ऑडिट के लिए 2025 का नोटिस जारी किया गया था, लेकिन मालिक ने उसे नजरअंदाज कर दिया।”

पेड़ गिरने से एक व्यक्ति की मौत
एक सप्ताह के भीतर पेड़ गिरने की तीसरी बड़ी घटना में रविवार को कुर्ला इलाके में भारी बारिश के दौरान एक दुकान पर पेड़ गिरने से 63 वर्षीय यूनुस कुंदावाला की मौत हो गई। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा दोपहर करीब 12:40 बजे कुर्ला पश्चिम के नौपाड़ा इलाके में हिंदी बीएमसी स्कूल के पास हुआ। उन्हें मलबे से निकालकर फौजिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शनिवार को गोरेगांव पूर्व के आरे कॉलोनी क्षेत्र में मोटरसाइकिल चला रहे 18 वर्षीय युवक की पेड़ की शाखा गिरने से मौत हो गई थी। इससे पहले 30 जून को चेंबूर में चलती स्कूल बस पर पेड़ गिरने से 11 वर्षीय छात्र की मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।

अगले 24 घंटों में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान लगातार बारिश, कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा, अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश तथा 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। बीएमसी ने बताया कि उसे पेड़ या शाखाएं गिरने की 203 शिकायतें, शॉर्ट सर्किट की आठ घटनाएं और मकान या दीवार गिरने की 15 शिकायतें मिलीं।

Leave a Reply

Next Post

'भारत हमारे साथ है': जेडी वेंस की टिप्पणी पर इस्राइली पीएम नेतन्याहू का जवाब, बोले- हमारे कई दोस्त हैं

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव नई दिल्ली 06 जुलाई 2026। अमेरिका भले ही दावा करे कि वह इस्राइल का इकलौता सहयोगी है, लेकिन इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ऐसा नहीं मानते हैं। बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को भारत का जिक्र करते हुए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस की उस टिप्पणी का जवाब […]

You May Like

गरजा बुलडोजर: बेगम बाग में 16 अवैध कमर्शियल बिल्डिंग जमींदोज....|....इंदौर से जुड़े अंतरराष्ट्रीय स्मगलिंग के तार....|....त्योहारों से पहले ट्रैफिक पुलिस का एक्शन....|....महिला झपटमार गैंग के बाद अब सोना खरीदने वाला सोनार गिरफ्तार....|....सीएम साय ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से की मुलाकात....|....प्याज एक हफ्ते में 11% महंगा....|....पाम तेल बढ़ाएगा महंगाई....|....भारतीय रेलवे में आएगी मालवहन क्रांति....|....ओडिशा में एनटीपीसी प्लांट में विस्फोट, पांच मजदूर घायल....|....स्वाइन फ्लू का बढ़ता प्रकोप: दिल्ली में 1770 से ज्यादा मामले