सीएम साय ने जताया दुख

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 01 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए आतंकी हमले में प्रदेश के दो मजदूरों की मौत पर गहरा दुख जताया है। पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिलाया है। कुलगाम में मजदूरों को निशाना बनाकर किये गये हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को गोली लगी थी। इसमें से दोनों मजदूरों की मौत हो गई है। सुरक्षा बलों ने घटना के बाद क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।
बताया जाता है कि दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में आतंकियों ने मजदूरों को निशाना बनाते हुए गोलीबारी की, जिसमें दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। वहीं दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल था। जिसका भी इलाज के दौरान मौत हो गई। छत्तीसगढ़ निवासी 24 वर्षीय दीपक रात्रे पिता उमाशंकर रात्रे ने हमले के दौरान ही दम तोड़ दिया था। वहीं 28 वर्षीय भूपेंद्र पिता दशरथ की की मौत हो गई है। शुरुआत में वो घायल थे, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जीएमसी अस्पताल अनंतनाग में भर्ती कराया गया था, जहां पर उनका इलाज चल रहा था। इस दौरान उनकी भी मौत हो गई। छत्तीसगढ़ शासन की टीम इस मामले में नजर बनाई हुई है।
इस हमले के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बीती रात 11.55 बजे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस आतंकवादी हमले को लेकर पोस्ट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने इसमें लिखा कि ‘कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।’
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा कि कुलगाम में हुए आतंकवादी हमले में छत्तीसगढ़ के एक मजदूर की मौत हो गई। मैंने डीजीपी नलिन प्रभात और सुरक्षा अधिकारियों से बात की। मैं इस कायराना हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। मैंने सुरक्षा बलों को अपने ऑपरेशन तेज करने और आतंकवादियों को खत्म करने का निर्देश दिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया है। छत्तीसगढ़ के एक और घायल मजदूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं और मैं घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन और पूरा देश इन परिवारों के साथ खड़ा है।


