मावा बनाने वाली एजेंसी पर खाद्य विभाग की कार्रवाई

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

इंदौर, 30 अक्टूबर 2026। दीपावली के त्योहार को देखते हुए खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम लगातार निरीक्षण और कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को ग्राम अहीरखेड़ी में संचालित श्री श्याम फूड एजेंसी का निरीक्षण किया गया। मौके पर मावा बनाने की प्रक्रिया सामने आने के बाद अधिकारियों ने मिलावट की आशंका जताते हुए बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त की है।

निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को प्रतिष्ठान के प्रभारी कानसिंह राजपुरोहित मौके पर उपस्थित मिले। जांच में परिसर में मावा का निर्माण किया जाना पाया गया। अधिकारियों के अनुसार, प्रतिष्ठान में दूध से फैट निकालकर उसमें स्किम्ड मिल्क पाउडर मिलाकर मावा तैयार किया जा रहा था। परिसर में वनस्पति तेल भी उपलब्ध मिला। इन परिस्थितियों को देखते हुए अधिकारियों ने आशंका जताई कि दूध से फैट निकालने के बाद उसमें वनस्पति मिलाकर मावे का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि, खाद्य पदार्थों में मिलावट की पुष्टि प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

पांच नमूने जांच के लिए लिए
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके से मीठे मावे के दो नमूने, वनस्पति का एक, सूजी का एक और स्किम्ड मिल्क पाउडर का एक नमूना लिया। इस तरह कुल पांच नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और मिलावट की स्थिति स्पष्ट होगी।

75 हजार रुपये की सामग्री जब्त
मिलावट की आशंका के चलते अधिकारियों ने प्रतिष्ठान से लगभग 298 किलोग्राम मावा, 28 किलोग्राम वनस्पति और 15 किलोग्राम सूजी जब्त की है। जब्त की गई खाद्य सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई के दौरान परिसर में खाद्य पदार्थों के निर्माण के लिए निर्धारित श्रेणी का पंजीयन भी नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, खाद्य पदार्थों का निर्माण करने के लिए उचित श्रेणी का पंजीयन नहीं होने के कारण प्रतिष्ठान का खाद्य कारोबार तत्काल प्रभाव से बंद कराया जा रहा है।

जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम अब नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मिलावटी खाद्य पदार्थों के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाना तथा आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

दीपावली जैसे त्योहार पर बाजार में मिलावटी खाद्य पदार्थों की आपूर्ति की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण और कार्रवाई की जा रही है, ताकि लोगों तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री पहुंच सके। 

Leave a Reply

Next Post

एमपी में अर्नब का तांडव अभी बाकी: तापमान में गिरावट

शेयर करे33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट इंडिया रिपोर्टर लाइव  भोपाल, 30 अक्टूबर 2026। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश पीछा नहीं छोड़ रही है। बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवात अर्नब ने प्रदेश के मौसम का मिजाज बदल दिया है। कहीं तेज हवाओं के साथ […]

You May Like

30 की उम्र से पहले कमजोर हो रहे हैं जोड़? ....|....भारतीय कुश्ती महासंघ को अदालत का निर्देश....|....'उनके साथ मिलकर नहीं बनाएं सरकार'....|....कटघोरा में ईओडब्ल्यू की दो ठिकानों पर दबिश....|....आईसीयू में 2 साल से मरीजों का इलाज कर रहा था फर्जी डिग्रीधारी डॉक्टर....|....राज्योत्सव पर आसमान में दिखेगी वायुसेना की ताकत....|....करवा चौथ पर पति ने मूसली से पत्नी का सिर कुचलकर की हत्या....|....एमपी में अर्नब का तांडव अभी बाकी: तापमान में गिरावट....|....मावा बनाने वाली एजेंसी पर खाद्य विभाग की कार्रवाई....|....खेत में लगाए फंदे में फंसकर तेंदुआ शावक की मौत