पीछे से डीएसपी की गाड़ी ने मारी टक्कर; सभी सुरक्षित

इंडिया रिपोर्टर लाइव
भोपाल, 04 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद माया नारोलिया की स्कॉर्पियो रविवार को मंडीदीप में सड़क हादसे का शिकार हो गई। खेड़ापति माता मंदिर के पास उनकी कार को पीछे से आ रही डीएसपी की गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में सांसद, उनका स्टाफ और दूसरी गाड़ी में सवार लोग सुरक्षित हैं। जानकारी के मुताबिक, माया नारोलिया निजी काम से भोपाल आ रही थीं। मंदिर के पास उनकी स्कॉर्पियो के सामने चल रही गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इसे देखकर सांसद के चालक ने भी तुरंत ब्रेक लगाया। इसी दौरान पीछे से आ रही डीएसपी की गाड़ी के चालक को वाहन रोकने का पर्याप्त मौका नहीं मिला और उसने सांसद की कार को पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे में किसी को नहीं आई चोट
टक्कर के बाद सांसद की स्कॉर्पियो और डीएसपी की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि, हादसे में किसी को चोट नहीं आई। घटना के बाद दोनों वाहनों को वहां से रवाना कर दिया गया। सांसद के बेटे विकास नारोलिया ने बताया कि माया नारोलिया भोपाल में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। सामने वाली गाड़ी के अचानक ब्रेक लगाने के बाद यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि सभी लोग सुरक्षित हैं।


