भोपाल में आज से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

भोपाल, 19 नवंबर 2026।भोपाल में गुरुवार को महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 शुरू होने जा रही है। नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाली इस प्रतियोगिता में छह देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। पहले दिन मेजबान भारतीय टीम का मुकाबला मलेशिया से होगा। यह मैच शाम 4:35 बजे खेला जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। प्रतियोगिता में भारत के अलावा चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की टीमें खिताब के लिए उतरेंगी। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में भारतीय टीम मौजूदा चैंपियन है। भारत अब तक तीन बार यह खिताब जीत चुका है। इस बार टीम की नजर चौथी बार ट्रॉफी जीतने पर है। दक्षिण कोरिया भी तीन बार चैंपियन रह चुका है।

भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए साल 2026 अच्छा रहा है। टीम ने हैदराबाद में विश्व कप क्वालीफायर में शानदार प्रदर्शन कर विश्व कप के लिए जगह बनाई। इसके बाद न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में एफआईएच महिला नेशंस कप के सभी पांच मैच जीतकर खिताब अपने नाम किया। इस जीत के साथ टीम को एफआईएच प्रो लीग में भी जगह मिली। बेल्जियम में हुए महिला हॉकी विश्व कप में भारत ने पांचवां स्थान हासिल किया। यह 1974 के बाद विश्व कप में टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं, जापान में हुए एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम ने 44 साल बाद स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। 

प्रतियोगिता के पहले दिन तीन मैच खेले जाएंगे। दोपहर 1 बजे चीन और थाईलैंड की टीमें आमने-सामने होंगी। दोपहर 3:15 बजे जापान और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद शाम 4:35 बजे भारत और मलेशिया के बीच मैच खेला जाएगा। भारतीय टीम लीग चरण में पांच मैच खेलेगी। मलेशिया के बाद 21 नवंबर को दक्षिण कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से उसका मुकाबला होगा। प्रतियोगिता राउंड रॉबिन आधार पर होगी। सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। सेमीफाइनल 27 नवंबर को होंगे, जबकि 28 नवंबर को तीसरे स्थान और खिताब के लिए मुकाबले खेले जाएंगे। फाइनल शाम 7 बजे होगा। 

हॉकी प्रतियोगिता के बीच 22 नवंबर को नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का लोकार्पण भी होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और खेल मंत्री विश्वास सारंग की मौजूदगी में इसका उद्घाटन किया जाएगा। करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से इस खेल परिसर को विकसित किया जा रहा है। लोकार्पण समारोह में मशहूर गायक सुखविंदर सिंह प्रस्तुति देंगे। ‘चक दे इंडिया’ और ‘जय हो’ जैसे गीतों के लिए पहचाने जाने वाले सुखविंदर सिंह समारोह में मुख्य आकर्षण होंगे। इसी दिन शाम 7 बजे भारत और थाईलैंड के बीच हॉकी मुकाबला भी खेला जाएगा। 

प्रतियोगिता और लोकार्पण समारोह को लेकर खेल मंत्री विश्वास सारंग ने अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। मंत्री ने खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और साफ-सफाई की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। आयोजन के दौरान सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को भी कहा। इस प्रतियोगिता के आयोजन से भोपाल को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी के बड़े मंच पर पहचान मिलेगी। साथ ही नाथू बरखेड़ा में तैयार हो रहा खेल परिसर प्रदेश में बड़े खेल आयोजनों के लिए नई सुविधा उपलब्ध कराएगा।

Leave a Reply

Next Post

संपत्ति कर वसूली पर देवास नगर निगम को हाईकोर्ट का झटका

शेयर करे24 घंटे में वसूली का नोटिस निरस्त इंडिया रिपोर्टर लाइव इंदौर, 19 नवंबर 2026। मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ ने नगर निगम द्वारा बकाया संपत्ति कर वसूली के नाम पर की जाने वाली मनमानी कार्रवाई पर रोक लगा दी है। उच्च न्यायालय ने देवास नगर निगम के […]

You May Like

बलरामपुर में कोहरे के कारण बाइकों में भिड़ंत, पांच युवकों की मौत....|....सीजी पीएससी की कॉपी से गायब मिले 4 पन्ने....|....आरोपी दीपक टंडन और पत्नी बरखा से आमने-सामने पूछताछ करेगी पुलिस....|....संपत्ति कर वसूली पर देवास नगर निगम को हाईकोर्ट का झटका....|....भोपाल में आज से महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी....|....अखाड़ों की सत्ता में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने की मांग....|....2000 साल पहले चांदी के सिक्कों के बदले मिलता था ये मसाला....|....टोटल चेस वर्ल्ड चैंपियनशिप में अर्जुन एरिगैसी और प्रज्ञानंद ने अपने मुकाबले जीते....|....टाइम मैगजीन के कवर पेज पर होगी शाहरुख के बेटे की तस्वीर....|....युद्ध की आहट: ईरान-अमेरिका के बीच तनाव बढ़ा