शिवपुर के एकलव्य विद्यालय की छात्राएं स्कूल में सुविधा के लिए 40 किमी पैदल चली

इंडिया रिपोर्टर लाइव
रायपुर, 09 सितंबर 2026। प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि सरगुजा के शिवपुर के एकलव्य विद्यालय की छात्राएं अपनी मांगों को लेकर 40 किमी पैदल चल कर कलेक्टर से मिलने निकल गयी। इनके विद्यालय में 3 माह से बिजली बंद है, मेस में ठीक से खाना नहीं मिल रहा है। शिक्षक की कमी है, पढ़ाई नहीं हो रही है। यह घटना प्रदेश की बदहाल शिक्षा व्यवस्था का एक उदाहरण है। छात्राओं को स्कूल की मूलभूत सुविधा के लिए आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ता है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि कमोबेश पूरे प्रदेश में स्कूलों के यही हालात है। शिक्षा सत्र शुरू हुए 4 महीना हो गया सरकार बच्चों को स्कूलों में सुविधाएं नहीं दे पा रही। अभी तक दो दर्जन से अधिक जगहों पर बच्चे, शाला भवन, किताब-काॅपी की मांग तथा शिक्षकों की कमी दूर करने की मांग को लेकर आंदोलन कर चुके है। धमतरी के बारना स्कूल में पांच विषय के शिक्षक नहीं होने के कारण छात्राओं ने स्कूल में ताला लगा कर आंदोलन कर रही है। बालोद के झिरिया टोला में भी बच्चे शिक्षक की मांग को लेकर प्रदर्शन कर चुके है। धमधा में स्कूल भवन की मांग को लेकर बच्चे विरोध कर रहे। पूरे प्रदेश में स्कूलों में किताबें और शिक्षक की कमी से पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता वंदना राजपूत ने कहा कि यदि बच्चों को सही शिक्षा व्यवस्था नहीं दे पा रहे है, स्कूल खुले 4 महीने हो गये है और स्कूल में किताबे नहीं पहुंच रही है, शिक्षक नहीं है, शाला भवनों का मरम्मत नहीं करवा पा रहे है, बालिकाओं के स्कूल में टायलेट नहीं बना पा रहे है तो यह शिक्षा मंत्री और सरकार की नाकामी है। बच्चों को सुरक्षित भवन, पर्याप्त कक्षाएं, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली, फर्नीचर, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेल सुविधाएं और पर्याप्त शिक्षक मिलना उनका अधिकार है लेकिन प्रदेश के अनेक स्कूलों में आज भी बच्चे इन बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। मासूम बच्चे छोटे-छोटे जेन अल्फा के लोग सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे है।


