‘रन कम हो गए, नहीं तो एक और शतक पक्का था’, कोहली ने अर्शदीप के इस सवाल का दिया मजेदार जवाब

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

नई दिल्ली 07 दिसंबर 2025। भारतीय टीम के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अपने मजाकिया अंदाज के लिए प्रसिद्ध हैं और लगातार मैच के बाद साथी खिलाड़ियों के साथ आनंद करते हैं। ऐसा ही कुछ उन्होंने विराट कोहली के साथ भी किया। दरअसल, विशाखापत्तनम में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए तीसरे वनडे मैच के बाद अर्शदीप ने कोहली का इंटरव्यू लिया। इस दौरान उन्होंने कोहली से कहा कि रन कम हो गए नहीं तो एक और शतक पक्का था। इस पर कोहली ने अर्शदीप को ऐसा जवाब दिया जिससे उनकी बोलती बंद हो गई। 

भारत ने जीती सीरीज
भारतीय टीम ने यशस्वी जायसवाल के शतक और रोहित शर्मा तथा विराट कोहली के अर्धशतकों की मदद से दक्षिण अफ्रीका को तीसरे वनडे मैच में नौ विकेट से हराया। भारत ने इसके साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए क्विंटन डिकॉक के 106 रनों की बदौलत 47.5 ओवर में 270 रन बनाए थे। भारत ने शीर्ष तीन बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर 61 गेंद शेष रहते 39.5 ओवर में एक विकेट पर 271 रन बनाकर मैच तथा सीरीज अपने नाम की।

कोहली के जवाब से अर्शदीप रह गए सन्न
अर्शदीप ने वीडियो में कोहली से कहा, ‘पाजी रन कम रह गए, नहीं तो शतक पक्का था वैसे।’ कोहली भी मजाकिया अंदाज में बोले- ‘टॉस जीत गए, नहीं तो तेरी भी सेंचुरी पक्की थी।’ दरअसल, कोहली का इशारा दूसरे वनडे मैच पर था जहां भारत 359 रनों के लक्ष्य का बचाव नहीं कर सका था और भारतीय गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए थे। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज के तीनों मैच में दूसरी पारी में गेंदबाजी करना आसान नहीं था। ओस के कारण दूसरी पारी में बल्लेबाजी करना पहली पारी की तुलना में आसान था जिस कारण तीनों ही मैच में अच्छे स्कोर देखने मिले। 

कोहली बोले- मुक्त महसूस कर रहा हूं
प्लेयर ऑफ द सीरीज बने कोहली ने कहा कि वह लगभग 2-3 साल बाद खुद को इतना फ्री महसूस कर रहे हैं और इस पूरे सफर ने उन्हें बतौर खिलाड़ी और इंसान दोनों रूपों में निखारा है। लंबे करियर के उतार-चढ़ावों पर खुलकर बात करते हुए कोहली ने माना कि आत्म-संदेह हर क्रिकेटर के साथ चलता है, लेकिन टीम के लिए लगातार योगदान देने की उनकी भूख आज भी पहले जितनी ही तीखी है। उन्होंने कहा, ‘इस सीरीज में जिस तरह मैंने बल्लेबाजी की, वह मेरे लिए बेहद संतोषजनक है। पिछले 2-3 वर्षों से मैंने इस तरह का फ्री माइंडसेट महसूस नहीं किया था। जब मैं इस तरह बल्लेबाजी करता हूं तो मुझे भरोसा रहता है कि किसी भी स्थिति को टीम के पक्ष में बदल सकता हूं।’

सीरीज में जमकर चला कोहली का बल्ला
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में 37 वर्षीय कोहली ने कुल 302 रन बनाए, जिसमें दो शतकीय और एक अर्धशतकीय पारियां शामिल रहीं। इस प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज अवॉर्ड के लिए नवाजा गया। मौजूदा सीरीज में किंग कोहली ने 135, 102 और 65* रनों की पारियां खेलीं।

Leave a Reply

Next Post

डीआरडीओ ने नई स्वदेशी तकनीकें भारतीय सशस्त्र बलों को सौंपीं, बढ़ेगा आत्मनिर्भरता और सुरक्षा क्षमता

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव नई दिल्ली 07 दिसंबर 2025। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने टेक्नोलॉजी डेवलपमेंट फंड (टीडीएफ) के तहत विकसित सात महत्वपूर्ण स्वदेशी तकनीकें भारतीय सशस्त्र बलों को सौंप दी हैं। ये तकनीकें नौसेना, वायुसेना और थलसेना की संचालन क्षमता बढ़ाने और देश की रक्षा प्रणाली […]

You May Like

जांजगीर-चांपा में घर में फंदे पर लटकी मिली महिला....|....2 लाख रुपए की लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार....|....अस्पताल परिसर में जुआ खेलते 12 जुआरी पकड़े, कार-बाइक समेत लाखों का माल जब्त....|....एक करोड़ के बीमा क्लेम में हेराफेरी....|....छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह तक मानसून रहेगा सक्रिय....|....भारी बरिश के चलते रेल परिचालन प्रभावित....|....सिक्किम की निर्माणाधीन टनल पर लैंडस्लाइड, 10 मजदूरों की मौत....|....पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी स्पीकर से मिले....|....लोहिया कॉर्प 23 से निवेशकों के लिए खोलेगी 3,547 करोड़ रुपए का पब्लिक इश्यू....|....23 जुलाई से खुलेगा इंडो एमआईएम का ₹3812 करोड़ का आईपीओ