26 घायल; शीतला माता के दर्शन के लिए लाइन में खड़े थे; 8 अफसर सस्पेंड

इंडिया रिपोर्टर लाइव
ग्वालियर, 18 अक्टूबर 2026। ग्वालियर में शनिवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक ने 41 श्रद्धालुओं को कुचल दिया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। दो पुलिसकर्मी समेत 26 लोग घायल हैं। हादसा देर रात करीब 1:30 बजे चीनौर रोड पर ढलान के पास हुआ। सभी श्रद्धालु शीतला माता मंदिर में दर्शन के लिए सड़क किनारे लाइन में लगे थे। तभी चीनौर की ओर से आ रहा धान से भरा ट्रक करीब 90 डिग्री के ढलान पर बेकाबू हो गया।
ड्राइवर गूगल मैप की मदद से ट्रक चला रहा था। ढलान पर ट्रक पुलिस चेकपोस्ट तोड़ते हुए लोगों को कुचलकर मंदिर की बाहरी दीवार और गेट से जा टकराया। इससे मंदिर की दीवार ढह गई। कई लोग मलबे में दब गए। घायलों को जयारोग्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद परिजन ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर लिया है। ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि ट्रक का ब्रेक फेल हो गया था। सरकार ने सीएसपी को हटा दिया और 8 अफसर-पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया।
युवती बोली- दो बजे हादसा हुआ, चार बजे अस्पताल लाए
हादसे में जान गंवाने वाले दिव्यांश के परिजन बोले- रात दो बजे हादसा हुआ तो अस्पताल चार बजे क्यों लाए। अब हमारा बच्चा तो चला गया और प्रशासन कह रहा है कि साइन कर दो। पुलिस वालों ने हमें फोन नहीं लगाया। हम ढूंढने गए तो ढूंढने भी नहीं दिया।
अफसर बोले- ट्रक ड्राइवर का मेडिकल चेकअप कराया जाएगा
ग्वालियर CSP रवि भदौरिया ने कहा- ट्रक के ड्राइवर और मालिक को हिरासत में ले लिया गया है। ड्राइवर नशे में थे या नहीं, उनका मेडिकल चेकअप कराया जाएगा। प्रथम दृष्टया जो जानकारी मिली है उसके मुताबिक यह ट्रक डबरा मंडी से धान लेकर आ रहा था। दो ट्रक एक साथ आ रहे थे। इस रूट पर कभी भारी वाहन नहीं आते थे।
हादसे में लापरवाही बरतने पर एक्शन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हादसे में लापरवाही बरतने पर झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा 8 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। निलंबित अधिकारियों-कर्मचारियों में झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव, आंतरी थाना प्रभारी गीतेश शर्मा, झांसी रोड के ट्रैफिक थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी, निरीक्षक यातायात राघवेंद्र जादौन, प्रधान आरक्षक सुशील द्विवेदी और आरक्षक किशन खन्ना, अनिल जैतपुरिया व पवन सेंगर शामिल हैं।
सीएम ने कहा- घायलों का इलाज फ्री किया जाएगा
सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा- श्रद्धालुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदयविदारक है। इस दुःख की घड़ी में सरकार सभी प्रभावित परिवारों के साथ है। सभी घायलों का निशुल्क इलाज किया जाएगा।


