ट्रंप ने दोहराई न्यू मैक्सिको का नाम बदलने की मांग, कहा- बढ़ेगी प्रतिष्ठा

इंडिया रिपोर्टर लाइव
वॉशिंगटन, 20 अक्टूबर 2026। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यू मैक्सिको राज्य का नाम बदलकर ‘न्यू अमेरिका’ करने की मांग फिर दोहराई है। उन्होंने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य का नाम तुरंत बदला जाना चाहिए। ट्रंप का दावा है कि इससे राज्य की प्रतिष्ठा बढ़ेगी और लोगों की संपत्ति तथा आय में भी इजाफा होगा। ट्रंप ने लिखा, “न्यू मैक्सिको का नाम तुरंत बदलकर न्यू अमेरिका कर देना चाहिए। हम मैक्सिको नहीं हैं, हम अमेरिका हैं!”
इससे पहले सितंबर में भी ट्रंप ने राज्य का नाम बदलने का सुझाव दिया था। उस समय उन्होंने एक संपादित नक्शा साझा किया था, जिसमें ‘मैक्सिको’ शब्द को काटकर उसकी जगह ‘अमेरिका’ लिखा गया था। सितंबर की शुरुआत में उन्होंने पहली बार राज्य का नाम ‘न्यू अमेरिका’ रखने का विचार सामने रखा था।
नाम बदलने के लिए संवैधानिक प्रक्रिया जरूरी
अमेरिका की संवैधानिक व्यवस्था के तहत राष्ट्रपति किसी राज्य का नाम एकतरफा नहीं बदल सकते। न्यू मैक्सिको का नाम बदलने के लिए राज्य के संविधान में संशोधन करना होगा। इसके लिए राज्य की विधायिका और मतदाताओं की मंजूरी जरूरी होगी।
राज्य के अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं ने ट्रंप के प्रस्ताव को खारिज किया है। डेमोक्रेटिक गवर्नर मिशेल लुजान ग्रिशम ने इस विचार को नकारते हुए कहा कि आधुनिक देश मेक्सिको के अस्तित्व में आने से कई सदियों पहले ही इस क्षेत्र का नाम ‘नुएवो मेक्सिको’ था। रिपब्लिकन पार्टी के गवर्नर पद के उम्मीदवार ग्रेग हल ने भी कहा कि राज्य का नाम और उसकी सांस्कृतिक विरासत बातचीत या सौदेबाजी का विषय नहीं हैं।
भौगोलिक नाम बदलने की मुहिम का हिस्सा
न्यू मैक्सिको का नाम बदलने का प्रस्ताव ट्रंप प्रशासन की भौगोलिक स्थानों के नाम बदलने की व्यापक पहल का हिस्सा है। राष्ट्रपति पद पर लौटने के बाद ट्रंप ने ऐसे कार्यकारी आदेशों पर हस्ताक्षर किए, जिनमें संघीय एजेंसियों को ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ के बजाय ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ और लेक ओंटारियो के लिए ‘लेक अमेरिका’ नाम का इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया।
20 जनवरी 2025 को अपने दूसरे शपथ ग्रहण के दिन ट्रंप ने कार्यकारी आदेश 14172 पर हस्ताक्षर किए थे। इसका शीर्षक था ‘अमेरिकी महानता का सम्मान करने वाले नामों की बहाली’। इस आदेश के तहत संघीय एजेंसियों को गल्फ ऑफ मेक्सिको का नाम ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ और उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी डेनाली का नाम फिर से ‘माउंट मैकिनले’ इस्तेमाल करने का निर्देश दिया गया। डेनाली का संघीय नाम 1917 से 2015 तक माउंट मैकिनले था।
ट्रंप ने आदेश में कहा था कि 1917 में देश ने उत्तरी अमेरिका की सबसे ऊंची चोटी का नाम रखकर राष्ट्रपति विलियम मैकिनले का सम्मान किया था। उनके मुताबिक, 2015 में बराक ओबामा प्रशासन ने संघीय नामकरण से मैकिनले का नाम हटाकर उनके जीवन, उपलब्धियों और बलिदान का अपमान किया।
आदेश में कहा गया कि नया नाम मैकिनले की ऐतिहासिक विरासत और अमेरिकी हितों की रक्षा में उनकी भूमिका का सम्मान करता है। गल्फ ऑफ अमेरिका के नामकरण को लेकर ट्रंप ने कहा था कि यह क्षेत्र अमेरिका के शुरुआती व्यापार और वैश्विक वाणिज्य के लिए महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने इसे अमेरिकी अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक संसाधनों के लिहाज से अहम बताया था।
महासागरों के नाम बदलने का भी दिया सुझाव
ट्रंप ने हाल ही में टेनेसी के क्लार्क्सविले में एक भाषण के दौरान अमेरिका के दोनों ओर स्थित अटलांटिक और प्रशांत महासागर में से किसी एक का नाम बदलने का सुझाव भी दिया था। उन्होंने इनके लिए ‘ट्रंप ओशन’ या ‘ओशन ऑफ द अमेरिकाज’ नामों का जिक्र किया था।


