108 साल पुरानी संगीत परंपरा हुई जीवंत

इंडिया रिपोर्टर लाइव
भोपाल, 14 नवंबर 2026। मैहर की सांगीतिक विरासत एक बार फिर सुरों के जरिए जीवंत हो उठी। दुनिया के अनूठे वाद्य नलतरंग की धुन और मैहर वाद्यवृंद की सामूहिक प्रस्तुति ने श्रोताओं को संगीत की अनूठी दुनिया में पहुंचा दिया। शुक्रवार को 52वें पद्म विभूषण उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह का भव्य शुभारंभ हुआ। समारोह की पहली शाम में 108 साल पुरानी मैहर की संगीत परंपरा की झलक देखने को मिली। मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग की ओर से आयोजित समारोह का शुभारंभ सांसद गणेश सिंह, विधायक श्रीकांत चतुर्वेदी और कलेक्टर विदिशा मुखर्जी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्कृति संचालनालय के संचालक एनपी नामदेव ने स्वागत उद्बोधन दिया, जबकि डायरेक्टर प्रकाश सिंह ठाकुर ने अतिथियों और संगीत प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।
नलतरंग की धुन ने किया मंत्रमुग्ध
समारोह का मुख्य आकर्षण मैहर वाद्यवृंद की राग मिश्र किरवानी में प्रस्तुति रही। दुनिया के अनूठे वाद्य नलतरंग की मधुर ध्वनि से पूरा परिसर गूंज उठा। मैहर वाद्यवृंद ने अपनी सामूहिक प्रस्तुति के जरिए 108 साल पुरानी संगीत परंपरा को नए सिरे से जीवंत किया। यह प्रस्तुति उस्ताद अलाउद्दीन खां की सामूहिक वादन की परिकल्पना और मैहर की समृद्ध सांगीतिक विरासत को समर्पित रही।
सरोद जुगलबंदी से भरतनाट्यम तक सजी संगीत की शाम
पहली शाम में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। कोलकाता के शिराज अली खां और अरिंदम भट्टाचार्य ने सरोद की जुगलबंदी पेश की। दिल्ली की शाम्भवी शुक्ला मिश्रा और उनके साथियों ने कथक की प्रस्तुति दी। नासिक के पंडित प्रसाद खापर्डे ने शास्त्रीय गायन से समां बांधा। वहीं पद्मश्री गीता चंद्रन और उनके दल ने भरतनाट्यम की आकर्षक प्रस्तुति दी। सभी प्रस्तुतियों को संगीत प्रेमियों ने खूब सराहा।


