एक्स-रे, डायलिसिस और लैब टेक्नीशियनों को साबित करनी होगी योग्यता

इंडिया रिपोर्टर लाइव
नई दिल्ली, 14 नवंबर 2026। अस्पताल में इलाज के दौरान डॉक्टरों की भूमिका जितनी अहम होती है, उतनी ही जरूरी उन स्वास्थ्यकर्मियों की भी होती है, जो मरीजों की जांच से लेकर इलाज और देखभाल तक में मदद करते हैं। खून की जांच करने वाले लैब टेक्नीशियन, डायलिसिस करने वाले कर्मचारी और एक्स-रे, सीटी स्कैन व एमआरआई मशीन चलाने वाले पेशेवर इसी व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लेकिन क्या इन सभी स्वास्थ्यकर्मियों की शैक्षणिक योग्यता और प्रशिक्षण के मानकों की अब तक एक समान व्यवस्था थी? इस दिशा में बड़ा बदलाव होने जा रहा है।
राष्ट्रीय एलाइड और हेल्थकेयर प्रोफेशन आयोग ने 2026 के नए नियमों का मसौदा जारी किया है। इसके तहत इन पेशों से जुड़े लोगों का पंजीकरण अनिवार्य करने और उनकी योग्यता की जांच करने की तैयारी है। पुराने कर्मचारियों को भी अतिरिक्त कोर्स और परीक्षा से गुजरना पड़ सकता है।
क्या हैं नए मानक?
अस्पतालों में मरीजों के खून की जांच करने वाले लैब टेक्नीशियन, डायलिसिस करने वाले कर्मचारी और एक्स-रे-एमआरआई मशीन चलाने वाले पेशेवरों की योग्यता भी अब जांच के दायरे में आएगी। इनके काम के लिए पढ़ाई और प्रशिक्षण के मानक तय करने की तैयारी है।
- इसके तहत पुराने स्वास्थ्यकर्मियों को पहले अस्थायी पंजीकरण दिया जाएगा।
- फिर उन्हें अपनी मौजूदा योग्यता के हिसाब से छह महीने से एक साल तक का अतिरिक्त कोर्स और जरूरी परीक्षा पास करनी होगी।
- इसके बाद ही नियमित पंजीकरण मिल सकेगा।
राष्ट्रीय एलाइड और हेल्थकेयर प्रोफेशन आयोग (एनसीएएचपी) ने इसके लिए 2026 के नियमों का मसौदा जारी किया है। यह व्यवस्था डॉक्टरों के लिए नहीं, बल्कि अस्पतालों में जांच, इलाज और मरीजों की देखभाल में मदद करने वाले एलाइड और हेल्थकेयर पेशों के लिए है। इसमें मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी, फिजियोथेरेपी, डायलिसिस, रेडियोलॉजी और इमेजिंग, आंखों की जांच, पोषण और कई दूसरे पेशे शामिल हैं।


