एक्यूआई खतरनाक स्तर पर; आज बारिश के आसार

इंडिया रिपोर्टर लाइव
दिल्ली, 14 नवंबर 2026। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली शुक्रवार को पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़ते हुए दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गई है। स्विस समूह आईक्यूएयर के अनुसार कल दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 334 दर्ज किया गया, जो खतरनाक श्रेणी में आता है, जबकि लाहौर का एक्यूआई 309 रहा। लाहौर को लंबे समय से दुनिया के सबसे प्रदूषित शहरों में गिना जाता रहा है।
हालांकि भारत के आधिकारिक केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों में स्थिति और भी गंभीर दर्ज की गई है। सीपीसीबी ने कल सुबह नौ बजे दिल्ली का एक्यूआई 403 आंका। इसके चलते दिल्ली में धुंध की मोटी चादर छा जाने से दृश्यता काफी कम रही। हालांकि शाम 4 बजे एक्यूआई 373 रहा।
वहीं, निजी क्षेत्र की एजेंसी एक्यूआई डॉट कॉम के अनुसार, सुबह 7:30 बजे एक्यूआई 494 दर्ज िकया गया। आंकड़ों में यह अंतर वायु प्रदूषण के स्तर की गणना और वर्गीकरण के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले अलग-अलग पैमानों और पद्धतियों के कारण है। सीपीसीबी के अनुसार, दिल्ली के 58 निगरानी केंद्रों में से 34 पर एक्यूआई 400 के पार चल गया था, जो गंभीर श्रेणी में आता है।
एनसीआर में आज बारिश के आसार, मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक-दो दिन में उत्तर-पश्चिम भारत में एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से शनिवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में, 14-15 नवंबर के दौरान राजस्थान और पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है।


