भाजपा की आपत्ति के बाद BMC की कार्रवाई, विपक्ष ने घेरा

इंडिया रिपोर्टर लाइव
मुंबई, 02 नवंबर 2026। मुंबई में प्रदूषण मुक्त दिवाली मनाने की अपील से जुड़ा एक वीडियो विवाद की वजह बन गया है। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से हटा दिया है। यह कार्रवाई मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम की आपत्ति के कुछ घंटों बाद हुई। वीडियो में दीया लोगों से शोर और वायु प्रदूषण से बचने की अपील कर रही थीं।
खास बात यह है कि बीएमसी ने अपने अभियान के तहत अभिनेत्री माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे के वीडियो अब भी सोशल मीडिया पर रखे हैं। केवल दीया मिर्जा का वीडियो हटाया गया है।
अमित साटम ने क्या आपत्ति जताई थी?
भाजपा नेता अमित साटम ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दीया मिर्जा के वीडियो पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग करते हुए लिखा कि हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हैं।
साटम की पोस्ट के कुछ ही घंटों बाद बीएमसी ने दीया मिर्जा का वीडियो अपने सोशल मीडिया पेज से हटा दिया। बीएमसी की ओर से इस कदम पर कोई विस्तृत स्पष्टीकरण नहीं दिया गया।
विपक्ष ने बीएमसी की कार्रवाई पर उठाए सवाल
वीडियो हटाए जाने के बाद विपक्षी नेताओं ने बीएमसी को घेरा है। शिवसेना (यूबीटी) की प्रवक्ता और मुंबई की पूर्व महापौर किशोरी पेडणेकर ने सवाल उठाया कि क्या नगर निगम प्रशासन बीजेपी या उसके मुंबई अध्यक्ष का गुलाम बन गया है?
उन्होंने आरोप लगाया कि बीएमसी के रोजमर्रा के कामकाज में अमित साटम का दखल लगातार बढ़ रहा है। पेडणेकर ने यह भी कहा कि प्रशासन को बीजेपी नेता के कथित सांप्रदायिक एजेंडे के आगे नहीं झुकना चाहिए था। वहीं, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के पार्षद यशवंत किल्लेदार ने भी साटम की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा मुंबई अध्यक्ष को पटाखे इतने पसंद हैं तो पार्टी के पदाधिकारी उनके घर के बाहर जितने चाहें पटाखे फोड़ सकते हैं।
किल्लेदार ने कहा कि दिवाली एक दीपक और लालटेन जलाकर भी मनाई जा सकती है। उन्होंने सवाल किया कि क्या बीजेपी धर्म के नाम पर पटाखे फोड़ने वाली साटम की कथित ‘दिखावटी हिंदुत्व’ की सोच का समर्थन करती है?
हाईकोर्ट के निर्देश के बाद शुरू हुआ था अभियान
मुंबई में खराब होती वायु गुणवत्ता के बीच बीएमसी ने प्रदूषण कम करने के लिए यह जागरूकता अभियान शुरू किया था। इसके लिए कई फिल्मी सितारों और क्रिकेटर का सहयोग लिया गया था। हाल ही में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सुनवाई के दौरान प्रदूषण को लेकर सुझाव दिए थे। दीया मिर्जा के वीडियो के साथ बीएमसी ने लिखा था कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार सार्वजनिक सड़कों, गलियों और फुटपाथों पर पटाखे फोड़ने पर सख्त रोक है।

