रात 1:30 बजे जारी हुआ निष्कासन आदेश

responsivevoice_button voice=”Hindi Female” buttontext=”इस खबर को सुने”]
इंडिया रिपोर्टर लाइव
खंडवा, 02 सितंबर 2026। मध्य प्रदेश के खंडवा में एआईएमआईएम के संगठन में देर रात बड़ा बदलाव देखने को मिला। अपने दौरे के बीच पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने पार्टी नेता बिलाल खान उर्फ बिलाल पेंटर को संगठन से निष्कासित कर दिया। बिलाल खान से पार्टी के सभी पद और जिम्मेदारियां वापस लेने के साथ ही उनकी प्राथमिक सदस्यता भी समाप्त कर दी गई है। संगठन में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से जारी किए गए इस आदेश में साफ कहा गया है कि अब बिलाल खान किसी भी रूप में एआईएमआईएम के नाम, लेटरहेड या पार्टी से जुड़े किसी अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे और न ही पार्टी की ओर से किसी प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेंगे। खास बात यह है कि बिलाल पेंटर वही नेता हैं, जिनकी पत्नी शकीरा ने वर्ष 2022 में एआईएमआईएम के टिकट पर पार्षद का चुनाव जीतकर मध्य प्रदेश में पार्टी का पहली बार चुनावी खाता खोला था। ऐसे में पार्टी के शुरुआती चुनावी विस्तार में अहम भूमिका निभाने वाले नेता का निष्कासन राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है।
जिसने खुलवाया जीत का खाता, अब वही पार्टी से बाहर
बिलाल पेंटर को ऐसे समय में पार्टी से बाहर किया गया है, जब एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान समेत पार्टी के कई बड़े नेता समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के विरोध में प्रदेशभर में रैलियां कर रहे हैं। इस समय प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के कई नेता खंडवा प्रवास पर हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात एआईएमआईएम की एक बड़ी आमसभा बिलाल पेंटर के वार्ड में ही आयोजित की जानी थी। इस सभा में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी बिलाल पेंटर को दी गई थी। आरोप है कि वे इसमें सफल नहीं हो सके और सभा स्थल पर पर्याप्त भीड़ नहीं पहुंची, जिसके चलते कार्यक्रम स्थल लगभग खाली नजर आया।
सभा की अनुमति को लेकर भी नाराजगी की बात
बताया जा रहा है कि आमसभा के लिए जिला मुख्यालय से अनुमति लेने को लेकर भी पार्टी नेतृत्व बिलाल पेंटर से नाराज था। सभा की अनुमति के लिए दिए गए पत्र में कथित तौर पर यूसीसी के विरोध में होने वाली आमसभा का उल्लेख नहीं किया गया था। इसके बजाय निजी हॉल में केवल पार्टी पदाधिकारियों के लिए भोजन और रात्रि विश्राम की अनुमति मांगी गई थी। इस पूरे मामले को लेकर प्रदेश अध्यक्ष की नाराजगी की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि आमसभा के बाद देर रात करीब 1:30 बजे प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान ने बिलाल पेंटर को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला लिया और इसी के साथ उनके खिलाफ निष्कासन आदेश जारी कर दिया गया।
हैंडरिटन आदेश में क्या कहा गया?
एआईएमआईएम मध्य प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष मोहसिन अली खान की ओर से जारी निष्कासन आदेश में कहा गया है कि आदेश प्रभावी होने की तारीख से बिलाल खान का पार्टी के साथ किसी भी प्रकार का आधिकारिक संबंध समाप्त माना जाएगा। वह अब एआईएमआईएम मध्य प्रदेश या पार्टी का किसी भी रूप में प्रतिनिधित्व करने के लिए अधिकृत नहीं होंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि बिलाल खान पार्टी के नाम, चुनाव चिह्न, पदनाम, लेटरहेड अथवा पार्टी से जुड़े किसी भी अधिकार का इस्तेमाल नहीं कर सकेंगे। इसके अलावा वह स्वयं को एआईएमआईएम का सदस्य, पदाधिकारी, कार्यकर्ता या अधिकृत प्रतिनिधि बताकर भी पेश नहीं कर सकेंगे।
पार्टी के नाम पर गतिविधि को बताया जाएगा अनधिकृत
निष्कासन आदेश में पार्टी की ओर से सभी संबंधित लोगों को सूचित करते हुए कहा गया है कि आदेश प्रभावी होने के बाद बिलाल खान द्वारा एआईएमआईएम के नाम पर की जाने वाली किसी भी तरह की प्रस्तुति, संवाद या गतिविधि को अनधिकृत माना जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि यह फैसला संगठन में अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
संगठन में अब कोई पद या जिम्मेदारी नहीं
पार्टी की ओर से जारी आदेश के बाद बिलाल खान का एआईएमआईएम मध्य प्रदेश के संगठनात्मक ढांचे में किसी भी पद या जिम्मेदारी से कोई संबंध नहीं रहेगा। पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें संगठन से पूरी तरह अलग कर दिया गया है। फिलहाल इस निष्कासन के बाद खंडवा में एआईएमआईएम की स्थानीय राजनीति में हलचल बढ़ गई है। एक ओर पार्टी यूसीसी के विरोध में अपने अभियान को आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर पार्टी के प्रमुख स्थानीय नेताओं में शामिल रहे बिलाल पेंटर को अचानक संगठन से बाहर किए जाने को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।


