शादी में कत्ल: बरात में खाने के दौरान विवाद, युवक की चाकू घोंपकर हत्या; कपड़े पर भोजन गिरने से शुरू हुआ झगड़ा

शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

गोरखपुर 09 मई 2026। गोरखपुर के शाहपुर इलाके में शुक्रवार रात एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब मामूली विवाद के बाद मनबढ़ युवकों ने एक युवक की पेट में चाकू घोंपकर हत्या कर दी। घटना बिछिया स्थित ताड़ीखाना इलाके के बघेल मैरिज लान की है, जहां बरात में भोजन के दौरान कपड़े पर खाना गिरने को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। जानकारी के मुताबिक, शाहपुर इलाके के आवास विकास कालोनी स्थित पानी टंकी के पास रहने वाले युवक की बरात बिछिया स्थित मैरिज लान में आई थी। रात में बराती भोजन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों के कपड़े पर भोजन गिर गया, जिसको लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इसी बीच कुछ युवकों ने सुमित कुमार के पेट में चाकू घोंप दिया। चाकूबाजी की घटना होते ही शादी समारोह में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। मौके पर मौजूद लोग घायल सुमित को लेकर तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल मातम में बदल गया।

बताया जा रहा है कि सुमित कुमार की शादी महज तीन महीने पहले ही हुई थी। उसकी मां रेलवे में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार बदहवास हो गया। परिजनों और रिश्तेदारों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।

सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Next Post

राजा सुब्रमणि बने देश के नए सीडीएस और कृष्णा स्वामीनाथन होंगे नौसेना प्रमुख

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव नई दिल्ली 09 मई 2026। भारत सरकार ने देश की सैन्य व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए दो अहम नियुक्तियों का एलान किया है। सरकार ने लेफ्टिनेंट जनरल एनएस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) को देश का अगला चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) नियुक्त किया है, जबकि […]

You May Like

जांजगीर-चांपा में घर में फंदे पर लटकी मिली महिला....|....2 लाख रुपए की लूटपाट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार....|....अस्पताल परिसर में जुआ खेलते 12 जुआरी पकड़े, कार-बाइक समेत लाखों का माल जब्त....|....एक करोड़ के बीमा क्लेम में हेराफेरी....|....छत्तीसगढ़ में अगले सप्ताह तक मानसून रहेगा सक्रिय....|....भारी बरिश के चलते रेल परिचालन प्रभावित....|....सिक्किम की निर्माणाधीन टनल पर लैंडस्लाइड, 10 मजदूरों की मौत....|....पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी स्पीकर से मिले....|....लोहिया कॉर्प 23 से निवेशकों के लिए खोलेगी 3,547 करोड़ रुपए का पब्लिक इश्यू....|....23 जुलाई से खुलेगा इंडो एमआईएम का ₹3812 करोड़ का आईपीओ