भारत बनाम वेस्टइंडीज: टीम इंडिया की जीत से हैरान हुआ पाकिस्तान

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

नई दिल्ली, 01 अक्टूबर 2026। भारत ने गुवाहाटी में खेले गए दूसरे वनडे मैच में वेस्टइंडीज को आठ विकेट से हराया। वेस्टइंडीज ने भारत के सामने 406 रनों का विशाल लक्ष्य रखा था, लेकिन टीम इंडिया ने आसानी से जीत दर्ज की और तीन मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली। भारत की इस जीत पर पाकिस्तान भी प्रभावित हो गया और पूर्व खिलाड़ी कामरान अकमल भी टीम इंडिया की तारीफ करने से खुद को नहीं रोक सके। 

भारत का वनडे में सबसे सफल रन चेज
वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन शतकों की मदद से 405/7 का विशाल स्कोर खड़ा किया था। जवाब में भारत ने 43.3 ओवर में दो विकेट खोकर 406 रन बनाते हुए वनडे इतिहास के अपने सबसे बड़े लक्ष्य का सफल पीछा किया। भारत की जीत के नायक कप्तान शुभमन गिल रहे, जिन्होंने 133 गेंदों में नाबाद 223 रन की ऐतिहासिक पारी खेली। उन्होंने 117 गेंदों में अपना दोहरा शतक पूरा किया और वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। गिल ने इस मामले में अपने ही साथी ईशान किशन का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2022 में बांग्लादेश के खिलाफ 126 गेंदों में 200 रन पूरे किए थे। दूसरे छोर पर रोहित शर्मा ने भी अपने अनुभव का शानदार इस्तेमाल किया। उन्होंने महज 75 गेंदों में 101 रन बनाए। रोहित का यह वनडे में 35वां शतक भी रहा।

अकमल बोले- भारत ने तीनों प्रारूप में बढ़ाया खिलाड़ियों का पूल
भारत की इस बड़ी जीत पर कामरान अकमल ने कहा, भारत ने वनडे, टी20 या टेस्ट में अपना स्तर बहुत बढ़ा लिया है। उन्होंने एक स्थान के लिए चार-चार रिप्लेसमेंट तैयार किए हुए हैं और सभी प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। उनके पास इतने खिलाड़ी हैं कि उन्होंने तीन टीम बनाई हुई है। आप देखें कि एशियन गेम्स के लिए जापान में उनकी मजबूत कोर टीम गई हुई है। अब वेस्टइंडीज के खिलाफ जो खिलाड़ी खेल रहे हैं उन्हें देखें तो कैसे पता चलेगा कौन सी मुख्य टीम है। 

गिल-रोहित ने 255 रन की रिकॉर्ड साझेदारी की
406 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए गिल और रोहित ने भारत को जबरदस्त शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 26.2 ओवर में 255 रन जोड़ दिए। यह साझेदारी उस समय टूटी जब रोहित 101 रन बनाकर आउट हुए। भारत के लिए ये दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग साझेदारी है। रोहित के आउट होने के समय भारत को जीत के लिए 151 रन और चाहिए थे और गिल क्रीज पर मौजूद थे। इसके बाद गिल ने पारी को आगे बढ़ाया और अंत तक नाबाद रहते हुए भारत को ऐतिहासिक जीत दिलाई।

भारत ने 12 ओवर के भीतर ही 100 रन पूरे कर लिए थे। गिल ने 38 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया, जबकि रोहित ने सिर्फ 32 गेंदों में अपना पचासा पूरा कर लिया था। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि भारत ने 22वें ओवर में बिना विकेट गंवाए 200 रन पूरे कर लिए। 350 से ज्यादा के लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी वनडे में पहली बार किसी टीम की ओपनिंग जोड़ी ने 200 रन का आंकड़ा पार किया।

Leave a Reply

Next Post

भारतीय फ़ैशन ब्रांड KGL ने Moscow फ़ैशन वीक में अपनी पहली एंट्री की

शेयर करेजहां डिज़ाइनर Kanika Goyal ने अपना लेटेस्ट कलेक्शन Arc Echo पेश किया इंडिया रिपोर्टर लाइव नई दिल्ली, 02 अक्टूबर 2026। Kanika Goyal उस भारतीय डिज़ाइनर्स की पीढ़ी से हैं जिनके ब्रांड शुरू से ही ग्लोबल मार्केट को ध्यान में रखकर बनाए गए हैं। Forbes India की 30 अंडर 30 […]

You May Like

'दो साल तक भी युद्ध में नहीं रहेगा अमेरिका'....|....इंश्योरेंस कंपनी ने कर दिया था क्लेम खारिज: अब देने होंगे एक करोड़....|.... जनता फ्लैट में रुई के गोदाम में भीषण आग....|....37 साल पुराने केस में हाईकोर्ट का फैसला....|....नर्मदा घाटी में कम बारिश ने बढ़ाया भूकंप का खतरा....|....नीमच में पहाड़ के नीचे बना पॉवर हाउस....|....सड़क हादसों में मौतों से प्रदेश में शोक की लहर....|....जनता के लिए खुलेगा 'शीशमहल': जल्द शुरू होगी घूमने की व्यवस्था....|....पुलिस आने की अफवाह में भागा युवक....|....पटवारी हड़ताल पर, सरकार वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति के अधिकार  देने से क्यो भाग रही है? - कांग्रेस