‘दो साल तक भी युद्ध में नहीं रहेगा अमेरिका’

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

अमेरिका, 17 नवंबर 2026। अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान के साथ चल रहे संघर्ष को कभी भी लंबे समय तक चलने वाला युद्ध नहीं बनने देंगे। उन्होंने दोहराया कि अमेरिका इस संघर्ष में 10 या 15 साल तो दूर दो साल तक भी सैन्य रूप से शामिल रहने की प्रतिबद्धता नहीं जताएगा। हालांकि, वेंस ने अमेरिकी सेना की वापसी के लिए कोई निश्चित तारीख नहीं बताई।सोमवार को फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में वेंस ने भरोसा जताया कि ट्रंप इस संघर्ष को सफलतापूर्वक समाप्त करेंगे। ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा, ‘वह इसे कभी भी अंतहीन युद्ध नहीं बनने देंगे। हमने अमेरिकी जनता से वादा किया था कि हम अब और अंतहीन युद्ध नहीं लड़ेंगे।’

वेंस ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को नष्ट करने के ट्रंप के घोषित उद्देश्य का बचाव किया। उन्होंने कहा कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम अमेरिका के लिए खतरा है और इसके खिलाफ कार्रवाई जरूरी थी। हालांकि, उन्होंने इस अभियान को लंबे समय तक जारी रखने की संभावना को खारिज किया। वेंस ने उन नव-रूढ़िवादी विचारधारा (नियो-कंजरवेटिव) के समर्थकों और अन्य लोगों की भी आलोचना की, जो चाहते हैं कि अमेरिका इस संघर्ष में अनिश्चितकाल तक शामिल रहे। उन्होंने कहा कि उन्हें ट्रंप पर भरोसा है कि वह इस युद्ध को उचित अंजाम तक पहुंचाएंगे।

वेंस का यह बयान ऐसे समय आया है, जब गुरुवार को चीन के शहर शेनझेन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच शिखर बैठक होने वाली है। चीन के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को इस बैठक की पुष्टि की। मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने बताया कि 19 नवंबर को होने वाली यह बैठक तीनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की पहली आमने-सामने की मुलाकात होगी। इसमें वैश्विक शांति और रणनीतिक स्थिरता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।

बैठक के एजेंडे में ईरान और परमाणु हथियार नियंत्रण से जुड़े मुद्दे शामिल होने के सवाल पर माओ निंग ने कोई स्पष्ट पुष्टि नहीं की। उन्होंने कहा कि बैठक की तैयारियां आगे बढ़ने के साथ ही इससे जुड़ी अन्य जानकारियां साझा की जाएंगी। इस बीच, चीन ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के प्रयासों के तहत उसके पश्चिम एशिया मामलों के विशेष दूत झाई जून ने ईरान, ओमान और सऊदी अरब का दौरा किया है। इस दौरान उन्होंने क्षेत्रीय तनाव कम करने के उद्देश्य से संबंधित पक्षों के साथ बातचीत की।

Leave a Reply

You May Like

'दो साल तक भी युद्ध में नहीं रहेगा अमेरिका'....|....इंश्योरेंस कंपनी ने कर दिया था क्लेम खारिज: अब देने होंगे एक करोड़....|.... जनता फ्लैट में रुई के गोदाम में भीषण आग....|....37 साल पुराने केस में हाईकोर्ट का फैसला....|....नर्मदा घाटी में कम बारिश ने बढ़ाया भूकंप का खतरा....|....नीमच में पहाड़ के नीचे बना पॉवर हाउस....|....सड़क हादसों में मौतों से प्रदेश में शोक की लहर....|....जनता के लिए खुलेगा 'शीशमहल': जल्द शुरू होगी घूमने की व्यवस्था....|....पुलिस आने की अफवाह में भागा युवक....|....पटवारी हड़ताल पर, सरकार वेतन विसंगति दूर करने और पदोन्नति के अधिकार  देने से क्यो भाग रही है? - कांग्रेस