
इंडिया रिपोर्टर लाइव
जम्मू 05 जुलाई 2026। अमरनाथ गुफा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का एक और बड़ा जत्था रविवार तड़के जम्मू से रवाना हुआ। भगवती नगर आधार शिविर से कुल 6,700 से अधिक तीर्थयात्री कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किए गए। इस जत्थे में 1,310 महिलाएं और 22 बच्चे शामिल हैं। श्रद्धालुओं को दो अलग-अलग काफिलों में सुबह 3 बजे और 3:40 बजे जम्मू से रवाना किया गया। यह 2 जुलाई से शुरू हुई अमरनाथ यात्रा के दौरान जम्मू से रवाना हुआ चौथा जत्था है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू से यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया था।
अब तक कुल 20,220 श्रद्धालु जम्मू आधार शिविर से कश्मीर की ओर रवाना हो चुके हैं। वहीं यात्रा शुरू होने के पहले दो दिनों में ही 26,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र अमरनाथ गुफा में दर्शन किए हैं। यह वार्षिक 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा इस बार दो मार्गों से संचालित की जा रही है अनंतनाग जिले का पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले का छोटा 14 किलोमीटर बालटाल मार्ग। पहले काफिले में 2,590 श्रद्धालु 152 वाहनों में बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुए, जबकि दूसरे काफिले में 4,131 श्रद्धालु 139 वाहनों में पहलगाम आधार शिविर के लिए गए।
प्रशासन ने शनिवार को अपंजीकृत श्रद्धालुओं से अपील की थी कि वे कुछ दिन अपनी यात्रा स्थगित करें, क्योंकि 9 जुलाई तक सभी पंजीकरण स्लॉट पहले ही भर चुके हैं। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया है कि रविवार से केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी, जबकि अपंजीकृत यात्रियों को निर्धारित चेकपोस्ट पर रोका जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों ने यात्रा को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए कड़े इंतजाम किए हैं।


