अमर अग्रवाल बोले-सवालों से विकास नहीं होता,जनता को रिजल्ट चाहिए

Indiareporter Live
शेयर करे

शैलेष पांडे पर पलटवार, कहा- विधानसभा सिर्फ सवाल पूछने का मंच नहीं

इंडिया रिपोर्टर लाइव

बिलासपुर, 25 जुलाई 2026। बिलासपुर में भाजपा के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल ने पूर्व विधायक शैलेष पांडे के बयान पर तीखा पलटवार किया। बिना नाम लिए उन्होंने कहा कि केवल 392 सवाल पूछने से विकास नहीं होता। उन्होंने कहा कि अगर सिर्फ प्रश्न पूछने से विकास होता, तो जनता उन्हें रिकॉर्ड मतों से पराजित नहीं करती। जनता को भाषण नहीं, बल्कि परिणाम चाहिए।

दरअसल, पूर्व विधायक शैलेष पांडे ने हाल ही में प्रेस कॉन्फ्रेंस में विधानसभा में पूछे गए सवालों की संख्या को लेकर भाजपा विधायकों और अपनी तुलना करते हुए नगर विधायक पर निशाना साधा था। इसका जवाब देने के लिए अमर अग्रवाल ने एक खेल प्रतियोगिता के दौरान आयोजित संवाद कार्यक्रम को मंच बनाया।

अमर अग्रवाल ने विधानसभा की भूमिका, जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी और विकास की राजनीति पर बात करते हुए कहा, “शेर की नाक का बाल और गधे की पूंछ के बाल में फर्क होता है। जनता अब यह फर्क अच्छी तरह समझ चुकी है।” उन्होंने कहा कि कुछ लोग सवाल पूछने को ही राजनीति का पैमाना मानते हैं।

‘विकास कार्यों में व्यस्त रहा, इसलिए सवाल कम पूछे’

उन्होंने कहा कि उन्हें प्रश्न पूछने की फुर्सत कम मिली, क्योंकि वे बिलासपुर के विकास कार्यों में व्यस्त रहे। उनका काम सदन में शोर मचाना नहीं, बल्कि योजनाओं को मंजूरी दिलाना और उन्हें जमीन पर उतारना रहा है।

‘विधानसभा सिर्फ सवाल पूछने का मंच नहीं’

अमर अग्रवाल ने कहा कि विधानसभा को केवल सवाल पूछने का मंच मान लेना लोकतांत्रिक व्यवस्था की अधूरी समझ है। उनके मुताबिक, विधानसभा का सबसे बड़ा काम कानून बनाना, बजट पारित करना, नीतियां तय करना और प्रदेश के विकास की दिशा तय करना है। सवाल पूछना जरूरी है, लेकिन उसका उद्देश्य सुर्खियां बटोरना नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान होना चाहिए।

‘जनता मुझे भाषणों से नहीं, काम से पहचानती है’

उन्होंने कहा, “मैं 15 वर्ष मंत्री और 25 वर्ष विधायक रहा हूं। सदन में मेरा उद्देश्य सिर्फ बोलना नहीं, बल्कि बिलासपुर के लिए ज्यादा से ज्यादा योजनाएं, बजट और विकास कार्य लाना रहा है। जनता मुझे भाषणों से नहीं, काम से पहचानती है।”

‘सवाल तभी सार्थक हैं, जब जनता को राहत मिले’

अमर अग्रवाल ने कहा कि कई लोग सवालों की संख्या को ही उपलब्धि मान लेते हैं, जबकि सवाल तभी सार्थक हैं, जब उनसे जनता को राहत मिले। केवल संख्या बढ़ाने के लिए पूछे गए सवाल लोकतंत्र की आत्मा नहीं हैं।

‘सदन में बोलने से ज्यादा जरूरी सुना जाना’

उन्होंने कहा कि विधानसभा में केवल बोल देना उपलब्धि नहीं है। महत्वपूर्ण यह है कि आपकी बात कितनी गंभीरता से सुनी जाती है और उसके आधार पर सरकार कितने फैसले लेती है। जनप्रतिनिधि की असली ताकत उसकी विश्वसनीयता और परिणाम देने की क्षमता होती है।

बजट, कानून और विकास योजनाओं पर किया काम

अमर अग्रवाल ने बताया कि विधानसभा में बजट, विधेयक, कानून, क्षेत्रीय विकास, सड़क सुरक्षा, भू-राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य और प्रशासनिक सुधार जैसे विषयों पर गहन काम होता है। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा की लगभग हर महत्वपूर्ण समिति और विधायी समितियों का हिस्सा रहे हैं।

‘छाता लेकर भाषण देने वाला नहीं, कर्मयोगी चाहिए’

उन्होंने राजनीतिक तंज कसते हुए कहा, “बिलासपुर को घुटनों तक पानी में खड़े होकर छाता लगाकर भाषण देने वाला नेता नहीं चाहिए। बिलासपुर कर्मयोगियों का शहर है। यहां जनता दिखावा नहीं, काम देखती है।”

‘ढाई हजार करोड़ के विकास कार्य मिले’

अमर अग्रवाल ने दावा किया कि इस कार्यकाल में बजट पेश होने से पहले ही बिलासपुर को करीब ढाई हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लगभग 300 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं। उनका मानना है कि काम खुद बोलता है, उसका प्रचार करने की जरूरत नहीं होती।

‘मेरी जवाबदेही सिर्फ बिलासपुर की जनता के प्रति’

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा, “मैं किसी व्यक्ति विशेष को जवाब देने के लिए राजनीति नहीं करता। मेरी जवाबदेही केवल बिलासपुर की जनता के प्रति है। अंतिम सांस तक इस शहर की सेवा करना ही मेरा संकल्प है। कौन क्या कहता है, इससे फर्क नहीं पड़ता।”

Leave a Reply

Next Post

जनता की सुरक्षा सिर्फ-कागजों में रहेगी या फील्ड में दिखेगी

शेयर करेबिजली गिरने और करंट से मौतों पर हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी, जनहित-याचिका पर हुई सुनवाई इंडिया रिपोर्टर लाइव बिलासपुर, 25 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ में आए दिन आकाशीय बिजली, नंगे तारों और खेतों-बाड़ों में अवैध रूप से बिछाए गए करंट से लगातार हो रही मौतों पर हाईकोर्ट ने सख्त रूख […]

You May Like

बस्तर में पहली बार ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी....|....कोरबा की कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में आग लगी....|....जनता की सुरक्षा सिर्फ-कागजों में रहेगी या फील्ड में दिखेगी....|....अमर अग्रवाल बोले-सवालों से विकास नहीं होता,जनता को रिजल्ट चाहिए....|....जीतू पटवारी के भाई भरत पटवारी से पुलिस की पूछताछ....|....चार दोषियों को उम्रकैद, एक को एक साल की सजा....|....भाजपा सरकार जनता की आवाज कुचलने पुलिस को आगे कर कोल कंपनी से दोस्ती निभा रही....|....अडानी को जल, जंगल, जमीन सौंपने यूसीसी लागू करने जा रहे - कांग्रेस....|....तिमाही नतीजों में बैंक ऑफ इंडिया का जलवा....|....मुंबई में 'पॉपॉईज' का पहला साल सुपरहिट, अब दोगुने विस्तार की तैयारी