कोरबा की कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में आग लगी

Indiareporter Live
शेयर करे

तेज धमाके के बाद मची अफरा-तफरी, मौके पर पहुंची दमकल टीम

इंडिया रिपोर्टर लाइव

कोरबा, 25 जुलाई 2026। जिले के इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक कोल पिच कार्बन फैक्ट्री में शनिवार को अचानक तेज धमाके के साथ भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री के अंदर मजदूर काम कर रहे थे। विस्फोट के बाद आग ने देखते ही देखते पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और काले धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग फैक्ट्री परिसर में खड़ी एक ट्रक तक पहुंच गई, जिससे आग और तेजी से फैल गई। स्थिति को देखते हुए आसपास के इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, नगर निगम, सीएसईबी और अन्य संबंधित विभागों की दमकल टीमें मौके पर पहुंच गईं। कई दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में जुटे हैं। आग की तीव्रता को देखते हुए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है।

सभी मजदूर सुरक्षित, कोई जनहानि नहीं

SP सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि फैक्ट्री के सभी मजदूर सुरक्षित हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रशासन की पहली प्राथमिकता आग पर जल्द से जल्द काबू पाना है, ताकि बड़ा नुकसान होने से रोका जा सके।

पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा

जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री के संचालक का नाम अंकुश अग्रवाल बताया जा रहा है। इससे पहले भी इसी फैक्ट्री में ब्लास्ट की घटना हो चुकी है। उस हादसे में फैक्ट्री को काफी नुकसान पहुंचा था, हालांकि कर्मचारी बाल-बाल बच गए थे।

इलाके को किया गया सील

सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने घटनास्थल को पूरी तरह सील कर दिया है। आम लोगों के प्रवेश और वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर लोगों को सुरक्षित दूरी पर रोक रखा है, ताकि दमकल और राहत दल बिना किसी बाधा के काम कर सकें।

घटनास्थल पर लगी लोगों की भीड़

आग लगने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग फैक्ट्री के आसपास पहुंच गए। आसपास के क्षेत्रों से भी लोग धुएं का गुबार और आग देखने के लिए मौके पर जुटने लगे। पुलिस लगातार लोगों से सुरक्षा घेरे से दूर रहने की अपील कर रही है।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। आग पर काबू पाने के बाद प्रशासन घटना के कारणों की जांच करेगा। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।

Leave a Reply

Next Post

बस्तर में पहली बार ब्रेन ट्यूमर की सफल सर्जरी

शेयर करे3 घंटे के ऑपरेशन के बाद महिला को मिला नया जीवन, बेहोशी की हालत में लाया गया था अस्पताल इंडिया रिपोर्टर लाइव जगदलपुर, 25 जुलाई 2026। बस्तर संभाग में पहली बार एक जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत बड़ेडोंगर निवासी एक […]

You May Like

सोशल मीडिया की ताकत से दुनिया तक पहुंचेगी धमतरी की खूबसूरती....|....छत्तीसगढ़ी को आठवीं अनुसूची में शामिल कराने के लिए सकारात्मक पहल....|....आस्था के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रही बंदियों की गणेश प्रतिमाएं....|....धमतरी: शराब पीकर स्कूल पहुंचा शिक्षक....|....प्रेस क्लब का वाचनालय बना छात्रों की उम्मीद का केंद्र, हौसला बढ़ाने पहुंचे कलेक्टर....|.... हॉस्टल की समस्याओं को लेकर 20 किमी पैदल चलीं 100 से ज्यादा छात्राएं....|.... नहाते समय बना ली महिला की वीडियो....|....लक्कड़ बाजार में तहबाजारियों की वापसी से भड़के व्यापारी....|....250 वर्ष पुराना है मस्जिद के नीचे मिला कुआं!....|....'चिप से शिप तक भारत निर्माण की गाथा लिख रहा'