
इंडिया रिपोर्टर लाइव
दुर्ग-भिलाई, 13 सितंबर 2026। दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र के जोरातराई में शनिवार सुबह भाजपा नेता राजेंद्र यादव पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि राजेंद्र यादव रोजाना की तरह एक होटल में चाय पी रहे थे। इसी दौरान उनका पुराना दोस्त वहां पहुंचा और पीछे से उनकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया।
अचानक हुए हमले से होटल में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी चाकू लहराते हुए मौके से फरार हो गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है।
3-4 साल से बंद थी दोनों की बातचीत
घायल भाजपा नेता ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उनकी पहले अच्छी दोस्ती थी, लेकिन पिछले 3-4 वर्षों से दोनों के बीच बातचीत नहीं थी। राजेंद्र यादव के मुताबिक उनके और आरोपी के बीच किसी तरह की दुश्मनी या पुरानी रंजिश भी नहीं थी। हमले में घायल राजेंद्र यादव को उपचार के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
वीडियो के आधार पर आरोपी की तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने सामने आए वीडियो फुटेज को भी जांच में शामिल किया है। आरोपी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
एएसपी बोले- जल्द गिरफ्तार होगा आरोपी
दुर्ग ग्रामीण एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि जोरातराई गांव में दो लोगों के बीच मारपीट की घटना हुई है। इसमें एक व्यक्ति ने दूसरे पर चाकू से हमला किया और मौके से फरार हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


