3 घंटे के ऑपरेशन के बाद महिला को मिला नया जीवन, बेहोशी की हालत में लाया गया था अस्पताल

इंडिया रिपोर्टर लाइव
जगदलपुर, 25 जुलाई 2026। बस्तर संभाग में पहली बार एक जटिल ब्रेन ट्यूमर सर्जरी सफलतापूर्वक की गई है। कोंडागांव जिले के फरसगांव ब्लॉक अंतर्गत बड़ेडोंगर निवासी एक महिला को कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल (CCSH) में नया जीवन मिला है। महिला को गंभीर अवस्था में बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था, जहां न्यूरोसर्जन डॉ. पवन बृज और उनकी टीम ने करीब तीन घंटे तक सर्जरी कर ट्यूमर निकाल दिया है। जानकारी के अनुसार, बड़ेडोंगर निवासी आशा बाई पटेल लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर की समस्या से जूझ रही थी। मस्तिष्क के बाएं हिस्से में ट्यूमर होने के कारण उन्हें लगातार स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो रही थी। इसी बीच उनकी हालत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल जगदलपुर स्थित कॉन्टिनेंटल छत्तीसगढ़ सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे।
3 घंटे तक चली सर्जरी
अस्पताल में जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि महिला के मस्तिष्क में गंभीर ट्यूमर विकसित हो चुका है। इसके चलते उनके शरीर का दायां हिस्सा लगभग शिथिल पड़ गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल ऑपरेशन का निर्णय लिया। करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी कर ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया। ऑपरेशन के बाद महिला की स्थिति में लगातार सुधार हुआ और अब वह पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुकी हैं।
बेहोश थीं मरीज, दायां हिस्सा नहीं कर रहा था काम
डॉ. पवन बृज ने बताया कि यह सर्जरी बस्तर संभाग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जब मरीज अस्पताल पहुंची थी तब वह पूरी तरह बेहोश थी और शरीर का दायां हिस्सा काम नहीं कर रहा था। ऐसे मामलों में समय पर उपचार बेहद जरूरी होता है। तत्काल सर्जरी के फैसले और सफल ऑपरेशन के कारण मरीज को नया जीवन मिल सका।
परिजन बोले- बाहर लेजाते तो ज्यादा खर्च होता
महिला के पति सतवंत पटेल ने कहा कि जगदलपुर में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल उपलब्ध होने से उनकी पत्नी का समय पर इलाज संभव हो पाया। यदि उन्हें उपचार के लिए रायपुर, विशाखापट्टनम या किसी अन्य बड़े शहर जाना पड़ता तो लाखों रुपये खर्च होते और इलाज में भी देरी हो सकती थी।

