दुकानदार पर चाकू से हमला करने की कोशिश; धमकी देकर फरार

इंडिया रिपोर्टर लाइव
बेमेतरा, 05 सितंबर 2026। बेमेतरा जिले में पानी का पाउच उधार देने से मना करने और पहले का उधार चुकाने की बात कहने पर युवक इतना भड़क गया कि उसने दुकानदार को चाकू से धमकाते हुए हमला करने की कोशिश की। विरोध करने पर आरोपी ने दुकानदार का हाथ जोर से खींच दिया, जिससे उसकी उंगलियों में चोट आई। इसके बाद दुकानदार जान बचाकर सड़क की ओर भागा तो आरोपी ने कुछ दूर तक उसका पीछा किया और जान से मारने की धमकी देता रहा। घटना बेमेतरा जिले की संबलपुर चौकी क्षेत्र की है।
दुकान का काउंटर तोड़कर बिखेरा सामान
पुलिस के मुताबिक, ग्राम संबलपुर निवासी धर्मेंद्र कुर्रे (40) 30 अगस्त की रात करीब 9:20 बजे अपने बेटे प्रीतम के साथ दुकान पर था। इसी दौरान गांव का हेमंत बघेल उर्फ लल्ला (25) दुकान पहुंचा और डिस्पोजल पानी पाउच उधार में मांगा। धर्मेंद्र ने पहले से उधार होने की बात कहते हुए पुराना हिसाब चुकाने के बाद सामान देने को कहा। आरोपी दो पाउच लेकर वहां से चला गया। करीब 10 मिनट बाद वह दोबारा दुकान पहुंचा और पानी पाउच मांगने लगा। दुकानदार के बेटे प्रीतम ने देने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। धर्मेंद्र ने समझाने का प्रयास किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए दुकान का काउंटर तोड़ दिया और सामान बिखेर दिया।
चाकू से हमले की हुई कोशिश
विवाद बढ़ने पर आरोपी ने काउंटर में रखा सब्जी काटने वाला चाकू उठा लिया और दुकानदार पर हमला करने का प्रयास किया। धर्मेंद्र ने उसका हाथ पकड़ लिया। आरोपी ने हाथ अपनी ओर खींचा, जिससे धर्मेंद्र के बाएं हाथ की उंगलियों में चोट आई। भयभीत दुकानदार दुकान छोड़कर सड़क की ओर भागा, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए धमकी देता रहा। बाद में दुकान लौटकर उसने दुकानदार के बेटे प्रीतम समेत एक अन्य व्यक्ति को भी रिपोर्ट करने पर जान से मारने की धमकी दी।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
संबलपुर पुलिस ने धर्मेंद्र की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 296, 351(3), 115(2), 118(1), 324(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। चौकी प्रभारी एएसआई कृष्ण कुमार क्षत्री ने टीम के साथ आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार वस्तु समेत अन्य साक्ष्य जब्त किए। आरोपी हेमंत बघेल उर्फ लल्ला को 3 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

