वेंटिलेटर पर मोबाइल रखने का आरोप, पड़ोसी पर केस दर्ज

इंडिया रिपोर्टर लाइव
मंडी, 08 सितंबर 2026। मंडी जिले के धर्मपुर क्षेत्र में एक महिला की निजता से जुड़ा गंभीर मामला सामने आया है। महिला ने पड़ोसी युवक पर बाथरूम के वेंटिलेटर पर मोबाइल फोन रखकर उसकी वीडियो बनाने का आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार घटना चार सितंबर की है। जन्माष्टमी की छुट्टी होने के कारण महिला उस दिन घर पर थी। दोपहर करीब 2:30 बजे वह घर की दूसरी मंजिल पर बने बाथरूम में नहाने गई थी। नहाने के बाद जब वह दरवाजे पर टंगे कपड़े लेने लगी तो उसकी नजर वेंटिलेटर पर रखे एक मोबाइल फोन पर पड़ी।
महिला के मुताबिक मोबाइल को इस तरह रखा गया था कि उससे बाथरूम के भीतर की गतिविधि रिकॉर्ड की जा सके। अचानक मोबाइल दिखाई देने से वह घबरा गई। उसने जल्दी से कपड़े पहने और बाथरूम से बाहर आई। शिकायत में महिला ने बताया कि इसी दौरान उसने अपने पड़ोसी युवक को वेंटिलेटर से मोबाइल उठाकर वहां से जाते हुए देखा। महिला ने युवक से मोबाइल के बारे में पूछा तो उसने कथित तौर पर कुछ भी नहीं करने की बात कही। जब महिला ने मोबाइल मांगा तो युवक ने उसे फोन दे दिया।
इसके बाद महिला ने मामले की जानकारी अपनी भाभी और पूर्व प्रधान को दी। उनकी मौजूदगी में युवक से मोबाइल बाथरूम में रखने का कारण पूछा गया। शिकायत के अनुसार इस दौरान युवक कथित तौर पर माफी मांगने लगा। बाद में उसने मोबाइल का लॉक खोला और फोन महिला को सौंप दिया। महिला के अनुसार मोबाइल की गैलरी चेक करने पर उसमें नहाने के दौरान बनाई गई 7.51 सेकेंड की वीडियो मिली। वीडियो सामने आने के बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पड़ोसी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस मोबाइल फोन और उसमें मिली वीडियो समेत अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वीडियो कब और किस परिस्थिति में रिकॉर्ड की गई तथा मामले में और कोई व्यक्ति शामिल है या नहीं।


