पुलिस ने झारखंड से आरोपी को किया गिरफ्तार

इंडिया रिपोर्टर लाइव
अम्बिकापुर, 23 नवंबर 2026। मवेशी तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को रामचंद्रपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पिकअप वाहन के नाले में गिरने के बाद मवेशियों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामचंद्रपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अनपारा निवासी बबन सिंह ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि पिकअप वाहन क्रमांक JH03AW1695 में सात मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर बूचड़खाने ले जाने के लिए झारखंड की ओर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान अनियंत्रित होकर पिकअप एक नाले में जा गिरा। हादसे के बाद चालक मवेशियों को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद थाना रामचंद्रपुर में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 और 10 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 22 नवंबर को पुलिस ने साहू अंसारी (29), पिता शाकिर अंसारी, निवासी ग्राम लेडी कांड, थाना रंका, जिला गढ़वा (झारखंड) को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने मवेशी तस्करी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

