पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

इंडिया रिपोर्टर लाइव
कबीरधाम, 23 नवंबर 2026। शहर के व्यस्त इलाके हनुमान वाटिका के सामने रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक हाथ में धारदार छुरा लेकर खुलेआम लहराने लगा। आरोपी राहगीरों और मौके पर मौजूद लोगों को छुरा दिखाकर जान से मारने की धमकी दे रहा था। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 नवंबर की है। हनुमान वाटिका के सामने एक व्यक्ति के धारदार हथियार लेकर लोगों को डराने-धमकाने की सूचना सिटी कोतवाली थाने को मिली थी। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक लालजी सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। वहां एक युवक लोहे का छुरा हवा में लहराकर लोगों को धमका रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर गवाहों के सामने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान नंदू यादव (35), पिता गोवर्धन यादव, निवासी वार्ड नंबर 10, राजमहल चौक, कवर्धा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार छुरा जब्त किया है। इसकी मुठ सहित कुल लंबाई करीब 11 इंच, फल की लंबाई 6 इंच और चौड़ाई लगभग 1 इंच बताई गई है। हथियार रखने के संबंध में आरोपी को वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने के लिए नोटिस दिया गया, लेकिन उसने लाइसेंस नहीं होने की बात कही।
इसके बाद आरोपी नंदू यादव के खिलाफ सिटी कोतवाली थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। पुलिस ने उसे 22 नवंबर को गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर आम नागरिकों में भय पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


