ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ न्यूजीलैंड की हार से भारत को फायदा, अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंची टीम

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

नई दिल्ली 03 फरवरी 2024। ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड को दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में 172 रन से हरा दिया। वेलिंगटन में खेले गए इस मुकाबले में कंगारुओं ने कीवियों के सामने 369 रन का लक्ष्य रखा था। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 196 रन पर ऑलआउट हो गई। पिछले दो दशक में यह ऑस्ट्रेलिया की न्यूजीलैंड पर 20 टेस्ट में से 17वीं जीत रही। कंगारू ने इस दौरान सिर्फ एक मैच गंवाया है। ऑस्ट्रेलिया की जीत से विश्व टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में भारत को फायदा हुआ है। टीम इंडिया इस अंक तालिका में न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ शीर्ष पर पहुंच गई है।  ऑस्ट्रेलिया से हार के बाद न्यूजीलैंड का अंक प्रतिशत 75 से घटकर 60 रह गया है। उसने अभी तक पांच टेस्ट खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है। एक में कीवी टीम को हार मिली है। कीवी टीम 36 अंक और 60 अंक प्रतिशत के साथ दूसरे पायदान पर लुढ़क गई है। वहीं, भारत का अंक प्रतिशत 64.58 है। उसने अपने आठ में से पांच मुकाबले जीते हैं और दो में हार मिली है। एक टेस्ट ड्रॉ रहा है। भारत के 62 अंक हैं। ऑस्ट्रेलिया का अंक प्रतिशत 59.09 है। उसके 78 अंक हैं। कंगारुओं ने अभी तक 11 टेस्ट खेले हैं और सात में जीत हासिल की है। तीन में ऑस्ट्रेलियाई टीम को हार मिली है और एक टेस्ट ड्रॉ रहा है।

बांग्लादेश 50 अंक प्रतिशत के साथ चौथे स्थान पर है। पाकिस्तान का अंक प्रतिशत 36.66 है और वह पांचवें स्थान पर है। वेस्टइंडीज 33.33 अंक प्रतिशत के साथ छठे और दक्षिण अफ्रीका 25 अंक प्रतिशत के साथ सातवें स्थान पर है। भारत से चौथे टेस्ट में हारने के बाद इंग्लैंड का अंक प्रतिशत 19.44 है और टीम आठवें स्थान पर लुढ़क गई है। इंग्लैंड ने अभी तक 2023-25 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में नौ टेस्ट खेले हैं और तीन में जीत हासिल की है। पांच मैच हारे हैं और एक टेस्ट ड्रॉ रहा है। श्रीलंका का अंक प्रतिशत शून्य है और वह नौवें स्थान पर है।

इंग्लैंड के खिलाफ जीता भारत तो पहला स्थान बरकरार

भारत अगर सात मार्च से धर्मशाला में शुरू होने वाले सीरीज के पांचवें और अंतिम टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ जीत हासिल करता है तो टेस्ट चैंपियनशिप अंक तालिका में शीर्ष स्थान बरकरार रखेगा। हालांकि, अगर पांचवां टेस्ट ड्रॉ पर समाप्त होता है या यदि इंग्लैंड जीत जाता है, तो यह ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड दोनों के लिए अंक तालिका में टेबल-टॉपर्स के रूप में भारत से आगे निकलने का दरवाजा खोल देगा। वहीं, न्यूजीलैंड बनाम ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट शुक्रवार, आठ मार्च से क्राइस्टचर्च में शुरू होगा।

ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच वेलिंगटन में खेले गए टेस्ट की बात करें तो न्यूजीलैंड के कप्तान टिम साउदी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 383 रन बनाए। कैमरन ग्रीन ने 174 रन की पारी खेली। वहीं, मिचेल मार्श ने 40 रन बनाए। कीवियों की ओर से मैट हेनरी ने पांच विकेट लिए। वहीं, न्यूजीलैंड की पहली पारी 179 रन पर समाप्त हुई। ग्लेन फिलिप्स ने 71 रन और मैट हेनरी ने 42 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन लियोन ने चार विकेट झटके। पहली पारी में कंगारुओं को 204 रन की बढ़त मिली थी।

ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी में 164 रन बनाए। लियोन ने 41 रन, ग्रीन ने 34 रन और ट्रेविस हेड ने 29 रन बनाए। न्यूजीलैंड की ओर से फिलिप्स ने पांच विकेट लिए। ऑस्ट्रेलिया की कुल बढ़त 368 रन की हुई और कीवियों को 369 रन का लक्ष्य मिला। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 196 रन पर सिमट गई। रचिन रवींद्र ने 59 रन बनाए, जबकि डेरिल मिचेल ने 38 रन की पारी खेली। नाथन लियोन ने छह विकेट झटके। इस तरह ऑस्ट्रेलिया ने 172 रन से जीत हासिल की। ग्रीन को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

 

Leave a Reply

Next Post

चीन ने रद्द किया टेंडर, श्रीलंका ने भारत को सौंपीं ऊर्जा परियोजनाएं

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव नई दिल्ली 03 मार्च 2024। श्रीलंका ने चीन को झटका देते हुए एक चीनी फर्म द्वारा  जीते गए टेंडर को रद्द करने के बाद  एक भारतीय कंपनी को तीन सौर और पवन हाइब्रिड बिजली उत्पादन सुविधाओं के निर्माण का ठेका दिया है। शुरुआत में एशियाई […]

You May Like

 निवेश बढ़ाने के लिए 21 आईएएस अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी....|.... दबिश देने गई पुलिस टीम पर लाठी-पत्थरों से हमला....|....रेलवे के जीएम ने यात्रियों से पूछा- रेलवे स्टेशन की सफाई ठीक से होती है क्या?....|....एमपी में केमिकल और पेट्रोकेमिकल उद्योगों को निवेश के लिए आमंत्रित करेंगे सीएम....|....एल. मुरुगन के इस्तीफे के बाद खाली राज्यसभा सीट पर उपचुनाव का ऐलान....|....लिखित माफीनामा, फिर भरे ₹50 हजार के बॉन्ड....|....राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु का छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर आत्मीय स्वागत....|....एशियन पैरा गेम्स में कांस्य पदक जीतने वाली मनीषा रामदास को मिलेगा 30 लाख रुपये का इनाम....|....बार-बार गैस, कब्ज और पेट फूलना? आंतों की सेहत से जुड़े हो सकते हैं ये संकेत....|....45 शहरों में लागू होगी एमएलएफएफ तकनीक