त्वचा को रूखी और बेजान होने से बचाने के लिए अपनाएं ये 5 तरीके

इंडिया रिपोर्टर लाइव
नई दिल्ली, 23 नवंबर 2026। धूप का धुंधलापन और हवा में घुली खामोशी वायु प्रदूषण की गंभीर स्थिति की चेतावनी दे रही हैं। प्रदूषित हवा सेहत के साथ त्वचा की खूबसूरती को भी नुकसान पहुंचा रही है। असल में, हवा में मौजूद धूल, धुआं और पीएम 2.5 के सूक्ष्म कण त्वचा पर जमकर उसे रूखा, बेजान और समय से पहले बूढ़ा बनाने लगते हैं। ऐसे में प्रदूषण के बीच सेहत के साथ त्वचा की देखभाल करना बेहद जरूरी हो जाता है।
प्रदूषण से फीकी पड़ रही त्वचा की चमक
प्रदूषण का सीधा असर त्वचा की सेहत और प्राकृतिक खूबसूरती पर पड़ता है। हवा में मौजूद हानिकारक रासायनिक कण त्वचा की प्राकृतिक चमक छीनने के साथ उसकी सुरक्षा परत को भी कमजोर करते हैं। इसके कारण त्वचा में रूखापन, खुजली, जलन, एलर्जी और मुहांसे जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इतना ही नहीं, प्रदूषण के लगातार संपर्क में रहने से त्वचा पर समय से पहले झुर्रियां और उम्र बढ़ने के लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
दिन में दो बार करें चेहरे की सफाई
त्वचा को सुरक्षित रखने के लिए नियमित सफाई अत्यंत आवश्यक है। इसलिए दिन में दो बार आप हल्के और त्वचा के अनुकूल फेसवॉश या साबुन से चेहरा साफ करें। बाहर से घर लौटने के बाद चेहरे और हाथों को अच्छी तरह धोएं। त्वचा को साफ करने के बाद विटामिन-सी सीरम लगाएं और त्वचा को हाइड्रेट रखने के लिए मॉइश्चराइजर का इस्तेमाल करें। इससे त्वचा में नमी बनी रहती है और उसकी प्राकृतिक सुरक्षा परत मजबूत होती है।
सनस्क्रीन और सही कपड़ों से करें बचाव
वायु प्रदूषण बढ़ने पर तेज धूप और हानिकारक यूवी किरणों से त्वचा की सुरक्षा करना भी जरूरी है। इसलिए आप घर से बाहर निकलने से पहले एसपीएफ 30 या उससे अधिक वाला ब्रॉड-स्पेक्ट्रम सनस्क्रीन लगाएं। चेहरा ढकती हैं, तो साफ सूती कपड़े या मास्क का इस्तेमाल करें। साथ ही, पूरी बांह के कपड़े पहनें। इससे त्वचा धूप और प्रदूषण के प्रत्यक्ष संपर्क में नहीं आएगी।
खान-पान में शामिल करें एंटीऑक्सिडेंट
लगातार बढ़ते प्रदूषण के इस माहौल में स्वस्थ रहना है, तो सेहत पर ध्यान देना होगा। आप हरी-पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें और शरीर को प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाएं। साथ ही, पर्याप्त मात्रा में पानी पीएं। डाइट में मौसमी फल, विटामिन से भरपूर खाद्य सामग्रियां शामिल करें और पर्याप्त नींद भी लें। ये आदतें रोग प्रतिरोधक क्षमता मजबूत करने और त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करती हैं।
विशेषज्ञ की राय : बुजुर्गों और नवजातों को प्रदूषित हवा से बचाएं।
त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. सीमा रानी बताती हैं कि प्रदूषण त्वचा में सूजन, खुजली, रूखापन और मुहांसों की समस्या बढ़ाता है। इससे स्किन बैरियर कमजोर हो जाते हैं और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ जाता है। बुजुर्गों और नवजात शिशुओं को प्रदूषित हवा में बाहर निकलने से बचाना चाहिए। वहीं, बाहर जाते समय पूरी बांह के कपड़े पहनें और त्वचा को ढककर रखें। घर लौटने पर त्वचा साफ कर मॉइश्चराइजर लगाएं। साथ ही हरी सब्जियों और विटामिन-सी से भरपूर फलों का सेवन करना चाहिए।


