रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप

इंडिया रिपोर्टर लाइव
अंबिकापुर, 16 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर सरकारी नौकरी लगाने के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। ठग ने छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 13 लाख 69 हजार रुपये की वसूली की। मामले को लेकर युवक ने पुलिस थाना में शिकायत की है। पूरे मामले को लेकर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं एक आरोपी फरार है। जिसकी तलाश जारी है।
पूरा मामला कोरिया जिला के बैकुण्ठपुर थाना क्षेत्र का है, जहां एक युवक को छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 लाख 69 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई।
छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के आमापारा निवासी संतोष कुमार सारथी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अनुराधा भगत और अन्य लोगों ने उसे छात्रावास अधीक्षक के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इस दौरान 16 अप्रैल 2024 से 28 मार्च 2025 के बीच आरोपियों ने अलग-अलग किश्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से कुल 13 लाख 69 हजार रुपये प्राप्त किए।
रकम वापस मांगने पर जान से मारने की दी धमकी
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने उसे झूठे मामले में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत की जांच के दौरान पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोपों को प्रमाणित पाए जाने पर अपराध क्रमांक 301/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4), 351(3), 61(2) एवं 3(5) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अनुराधा लकड़ा (32 वर्ष), निवासी कछार, जिला सरगुजा, वर्तमान निवासी अंबिकापुर तथा जोखन लाल (61 वर्ष), निवासी सरभोका, थाना पटना, वर्तमान निवासी बाबू कॉलोनी, बैकुण्ठपुर को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।


