चीनी व्लॉगर्स पर बांग्लादेश की कड़ी नजर

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

ढाका, 12 नवंबर 2026। भारत को बदनाम करने के लिए बांग्लादेश की राजधानी ढाका की गरीब बस्तियों के वीडियो बनाकर उन्हें भारतीय इलाकों के रूप में दिखाने के आरोपी चीनी व्लॉगर्स पर बांग्लादेश में निगरानी बढ़ा दी गई है। भारत की ओर से इस मामले पर आपत्ति जताए जाने के बाद स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने चीनी नागरिकों की गतिविधियों पर नजर रखना शुरू कर दिया है। इसके बाद उनकी गतिविधियां कम होने की खबर है।

प्रोथोम आलो अखबार के मुताबिक, उत्तरा वेस्ट पुलिस स्टेशन के प्रभारी मोहम्मद खालिद मंसूर ने बताया कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों के हस्तक्षेप के बाद चीनी व्लॉगर्स की गतिविधियों में कमी आई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां उनकी निगरानी कर रही हैं।

बांग्लादेशी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, करीब 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में सक्रिय थे। वे संकरी गलियों और कम आय वाले लोगों की बस्तियों के वीडियो बनाकर चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव प्रसारित कर रहे थे। आरोप है कि वे ढाका के अलग-अलग इलाकों को नई दिल्ली बताकर पेश करते थे और वहां रहने वाले लोगों की जीवनशैली को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां करते थे।

रिपोर्ट के मुताबिक, ये व्लॉगर्स लोगों के घरों और रोजमर्रा की गतिविधियों की रिकॉर्डिंग करते थे। कुछ मामलों में वे रिहायशी परिसरों के भीतर भी चले जाते थे। स्थानीय लोगों को यह जानकारी नहीं होती थी कि उनके वीडियो कहां अपलोड किए जा रहे हैं और उनमें उन्हें किस तरह दिखाया जा रहा है। बांग्लादेशी मीडिया ने आशंका जताई है कि यह किसी संगठित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा हो सकता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि पहले उनकी गतिविधियों पर पुलिस की निगरानी नहीं थी और 100 से ज्यादा व्लॉगर्स रोजाना इस तरह के वीडियो बना रहे थे। आरोप है कि इस काम के लिए उन्होंने बांग्लादेशी नागरिकों को पैसे भी दिए थे।

भारत के विदेश मंत्रालय ने 10 नवंबर को इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए बांग्लादेश से भारत को बदनाम करने के लिए गलत दावे फैलाने वाले चीनी व्लॉगर्स के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की थी। इसके बाद बांग्लादेशी अधिकारियों ने चीनी नागरिकों से उनके पासपोर्ट और वीजा दिखाने को कहा। उनसे यह भी पूछा गया कि वे पर्यटक वीजा पर बांग्लादेश आने के बाद इस तरह की गतिविधियां क्यों कर रहे थे। पुलिस के हवाले से प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी नागरिकों को यह भी बताया गया कि उनके रहने की अनुमति की अवधि समाप्त होने के बाद उन्हें अपने देश लौटना होगा।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि चीनी नागरिकों की इन गतिविधियों को लेकर कोई औपचारिक जांच शुरू की गई है या नहीं। यह भी पता नहीं चला है कि वीजा की शर्तों के कथित उल्लंघन के मामले में उनके खिलाफ कोई कार्रवाई हुई है या नहीं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से उत्तरा और टेकपारा इलाकों में चीनी नागरिक दिखाई नहीं दिए हैं।

टेकपारा के निवासी मोहम्मद सलीम ने बताया कि बीमारी के कारण वह दो दिन से घर पर हैं और इस दौरान उन्होंने किसी चीनी नागरिक को इलाके में आते नहीं देखा। वहीं, रिक्शा चालक इमामुल इस्लाम ने बताया कि उत्तरा के सेक्टर 12 के पास नहर पर बना पुल चीनी नागरिकों का ठिकाना था। उनके मुताबिक, वे दिन-रात स्थानीय लोगों और रिक्शा में बैठने वाले यात्रियों के वीडियो बनाते थे। उन्होंने कहा कि कुछ समय से उन्होंने उन लोगों को वहां नहीं देखा है।

Leave a Reply

Next Post

इंडोनेशिया में सियासी हलचल: उपराष्ट्रपति जिब्रान राकाबुमिंग राका ने दिया इस्तीफा

शेयर करे120 सांसदों ने उनके खिलाफ याचिका दी थी इंडिया रिपोर्टर लाइव जकार्ता , 12 नवंबर 2026। इंडोनेशिया के उपराष्ट्रपति ने गुरुवार को इस्तीफा दे दिया। हाल ही में अदालत के कुछ फैसलों में उनकी शैक्षणिक योग्यताओं पर सवाल उठाए गए थे, जिसके बाद उनके इस पद के लिए योग्य होने […]

You May Like

केआरए के जरिए आतंक फैलाने की साजिश?....|....शुभेंदु अधिकारी का लेफ्ट और टीएमसी पर हमला....|....इंडोनेशिया में सियासी हलचल: उपराष्ट्रपति जिब्रान राकाबुमिंग राका ने दिया इस्तीफा....|....चीनी व्लॉगर्स पर बांग्लादेश की कड़ी नजर....|....आपदा में मौत पर अब मिलेंगे आठ लाख....|....अयोध्या आने से पहले 1990 की कार्रवाई पर माफी मांगें अखिलेश....|....चंद्रशेखर-ओवैसी के गठबंधन पर सपा का पहला बयान....|....'भाजपा नेता खुले मन से पढ़ें सोनिया की किताब'....|....सोनिया का दावा: ‘मोदी सरकार के पैरों तले खिसक चुकी है जमीन, सत्ता का पतन तय’....|....ईरान का अर्जेंटीना पर पलटवार: आईआरजीसी पर बैन का तेहरान ने लिया बदला