बाहर से लौटे व्यक्ति की रिपोर्ट पॉजिटिव, संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग

इंडिया रिपोर्टर लाइव
छिंदवाड़ा, 23 सितंबर 2026। छिंदवाड़ा जिले में स्वाइन फ्लू का एक पॉजिटिव मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। संक्रमित मरीज हाल ही में बाहर से यात्रा करके छिंदवाड़ा लौटा था। स्वास्थ्य जांच के दौरान उसकी स्वाइन फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने मरीज के संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाकर उनकी कांटेक्ट ट्रेसिंग कराई।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. अर्चना कैथवास ने बताया कि मरीज के पॉजिटिव मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे किया। मरीज के संपर्क में आए लोगों की कांटेक्ट ट्रेसिंग पूरी कर ली गई है। साथ ही, क्षेत्र में लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी लेकर संदिग्ध लक्षण वाले लोगों पर निगरानी रखी जा रही है।
पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीज की पत्नी की भी जांच कराई गई थी। उसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। फिलहाल मरीज के परिवार और संपर्क में आए लोगों की निगरानी की जा रही है। विभाग की ओर से संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
नागपुर रेफर किए जाने की सूचना नहीं
सीएमएचओ डॉ. कैथवास ने यह भी स्पष्ट किया कि जिले के किसी अन्य निजी अस्पताल से स्वाइन फ्लू के मरीज को नागपुर रेफर किए जाने की जानकारी सामने नहीं आई है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सामने आ रही चर्चाओं की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक कार्रवाई की जा चुकी है और स्थिति नियंत्रण में है।
स्वास्थ्य विभाग ने सर्वे पूरा किया
मरीज की ट्रैवल हिस्ट्री और उसके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटाने के साथ संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य सर्वे कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों के अनुसार, किसी भी व्यक्ति में स्वाइन फ्लू से जुड़े लक्षण सामने आने पर उसकी जांच कराई जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी परेशानी या लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।


