यूपी में 6 की मौत: कौन सी लाश किसकी है? आग ने मिटाई पहचान

Indiareporter Live
शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

मुजफ्फरनगर, 10 नवंबर 2026। मुजफ्फरनगर के पानीपत-खटीमा हाईवे पर बघरा बाईपास के फ्लाईओवर पर आग का गोला बनी कार में दो भाइयों समेत छह दोस्त बुरी तरह जल गए। उनकी पहचान के लिए वैज्ञानिक साक्ष्य के लिए डीएनए सैंपल लिए गए हैं। डीएनए से पहचान होगी। मुजफ्फरनगर के पानीपत-खटीमा हाईवे पर बघरा बाईपास के फ्लाईओवर पर आग का गोला बनी कार में जल गए दो भाइयों समेत छह दोस्तों की आग ने पहचान मिटा दी। कौन सी लाश किसकी है, इसका फैसला करना बेहद मुश्किलों भरा रहा। अपनों के दिल की गवाही काम आई। मोर्चरी पर कद और शरीर की बनावट के हिसाब से पहचान की गई। इसके अलावा जांच के लिए डीएनए सैंपल लिए गए हैं।

हादसे में युवकों के शव बुरी तरह जल गए थे। सिर्फ कपड़े ही नहीं, बल्कि शरीर पर त्वचा भी नहीं बची। कार के नंबर से परिवार तक पहुंचना तो आसान हो गया। यह पहचान भी हो गई कि कार में कौन-कौन सवार होकर घर से निकले थे। मुश्किल यह थी कि जली अवस्था में कौन सी लाश किस युवक की है।

एसआई विवेचक शुभम त्यागी ने बताया कि पोस्टमार्टम हाउस पर परिजनों ने इसके लिए प्रयास किए। कद और शरीर की बनावट के हिसाब से पहचान करनी शुरू की गई। जिसकी पहचान होती रही, उसका पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द किया गया। जली हुई हालत के कारण पहचान मुश्किल थी लेकिन परिवार के लोगों ने शिनाख्त की है। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्य के लिए डीएनए सैंपल लिए गए हैं। पुलिस सैंपल की जांच गाजियाबाद के निवाड़ी में कराएगी। भविष्य में जरूरत पड़ते ही परिजनों के सैंपल लेकर इसकी पुष्टि भी की जा सकेगी।

रात आठ बजे हांसी के लिए भेजे गए शव
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया दोपहर दो बजे शुरू हुई थी। सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि दो डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किए। एक-एक कर परिजन आते रहे और कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद देर शाम तक पोस्टमार्टम हुए। यहां से रात आठ बजे शवों को दो एंबुलेंस के जरिये रवाना किया गया। डीएम उमेश मिश्रा के हस्तक्षेप के बाद सीएमओ कार्यालय के अलावा दूसरी एंबुलेंस सीएमएस कार्यालय से दी गई।

पलटने के बाद आग का गोला बनी कार, 6 दोस्त जिंदा जले
यूपी के मुजफ्फरनगर में चालक को नींद की झपकी आने से तेज रफ्तार कार डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पोल से टकराकर दूसरी साइड में उछलकर पलट गई। कार में धमाके के साथ आग लग गई। कार सवार दो सगे भाई समेत छह दोस्तों की जिंदा जलने से मौत हो गई। हरियाणा के हिसार जिले निवासी सभी युवक रविवार रात दिवाली मनाने के बाद हरिद्वार जा रहे थे। 

हादसा तितावी थाना क्षेत्र में पानीपत-खटीमा हाईवे के बघरा बाईपास स्थित फ्लाईओवर पर सोमवार तड़के करीब 4:50 बजे हुआ। हरियाणा के हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के मोठ लुहारी गांव निवासी अमन (23) गांव के ही अपने दोस्त अजय (22) के साथ दिवाली मनाने के लिए राखी गढ़ी स्थित नाना के घर आया था। ननिहाल के दोस्तों के साथ रात 12 बजे हरिद्वार में गंगा स्नान करने का कार्यक्रम बनाया। राखी गढ़ी के चालक साहिल (22) ने अपने परिचित प्रवीण से हुंडई औरा गाड़ी ली। इसके बाद सगे भाई राहुल (21) और अंकित (19) के अलावा अंकित कुमार (23) के साथ रात एक बजे हरिद्वार गंगा स्नान के लिए चल दिए। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि जागाहेड़ी टोल प्लाजा से पहले सोमवार तड़के तेज गति से दौड़ रही कार फ्लाईओवर के मोड़ पर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर लगते ही धमाका हुआ। खंभा करीब 30 फीट दूर जाकर गिरा। कार हाईवे की दूसरी साइड पर जाकर पलट गई।

पलटते ही कार में आग लग गई। घायल होने और सेंट्रल लॉक की वजह से कोई भी बाहर भी नहीं निकल सका। सभी लोग बैठे-बैठे ही राख हो गए। सीट पर जले हुए कंकाल मिले। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मचारियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच में सामने आया कि कार का पेट्रोल टैंक और बैटरी फटने से आग लगी। हालांकि कार में लगी सीएनजी किट सुरक्षित मिली। एसएसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, कार तेज गति से चल रही थी। चालक को नींद की झपकी आने से कार अनियंत्रित हो गई। पांच सीट वाली कार में छह लोग सवार थे।

सीएम ने जताया दुख, पीड़ितों से मिले अग्रवाल-बालियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया। अधिकारियों को राहत कार्य के निर्देश दिए। कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मोर्चरी पहुंचकर पीड़ित परिवार से जानकारी ली। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान ने तितावी थाने पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सहयोग का भरोसा दिया। पुलिसकर्मियों और डॉक्टरों से बात की।

कराया जाएगा डीएनए टेस्ट 
सीएमओ डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि डॉक्टरों की दो टीमों ने पोस्टमार्टम किए हैं। परिजनों ने कपड़ों और अन्य चीजों से अलग-अलग पहचान की है। शव अधिक जले हुए थे, इसी वजह से डीएनए टेस्ट के लिए भी सैंपल लिए गए हैं।

दो बैग से हुई पहचान
कार पलटने के दौरान दो बैग बाहर गिर गए। इसमें आधार कार्ड और साहिल का आई कार्ड मिला। उस पर लिखे नंबर से पुलिस ने साहिल के भाई गोलू से संपर्क किया। इसके बाद दूसरे दोस्तों के परिजनों को सूचना दी गई।

जान गंवाने वालों में दो सगे भाई भी
राहुल पुत्र समुंद्र, वेल्डर, गांव-राखी गढ़ी, हांसी-हिसार
अंकित पुत्र समुंद्र, एसी मिस्त्री, गांव-राखी गढ़ी, हांसी- हिसार
अजय पुत्र शमशेर, छात्र बीए द्वितीय, गांव-मोठ लुहारी, हांसी-हिसार
अमन पुत्र रामफल, छात्र बीए द्वितीय, गांव-मोठ लुहारी, हांसी-हिसार
साहिल पुत्र सोम कुमार, चालक, गांव-राखी गढ़ी, हांसी-हिसार
अंकित पुत्र राजेश, किसान, गांव-राखी गढ़ी, हांसी- हिसार

Leave a Reply

Next Post

2022 में फेल रहे, 2027 में चलेगा एआईएमआईएम का जादू?

शेयर करेओवैसी के मेरठ दौरे को लेकर सियासी सरगर्मी तेज इंडिया रिपोर्टर लाइव मेरठ, 10 नवंबर 2026। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर राजनीतिक दलों की सुगबुगाहट तेज हो गई है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) इस बार सूबे में पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरने का दम […]

You May Like

ई20 पेट्रोल की गुणवत्ता पर बीपीसीएल की सफाई....|....2027 में 28 हजार के पार जा सकता है निफ्टी....|....मुश्किलों में जेन्सेन हुआंग: एक दिन में 69.5 हजार करोड़ रुपए घटी दौलत....|....'यूरोपीय देशों पर हमला का हमारा कोई इरादा नहीं'....|....2022 में फेल रहे, 2027 में चलेगा एआईएमआईएम का जादू?....|....यूपी में 6 की मौत: कौन सी लाश किसकी है? आग ने मिटाई पहचान....|....दिवाली पार्टी के लिए दोस्तों के साथ गया किशोर....|....70 हजार शिक्षकों के एरियर्स पर सरकार फिर पहुंची सुप्रीम कोर्ट....|....निलंबित सीएसपी के इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी ने जारी किया वीडियो....|....नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने दीपावली पर्व की प्रदेशवासियों को दी बधाई, शुभकामनाएं