
इंडिया रिपोर्टर लाइव
नई दिल्ली 27 दिसंबर 2024। स्टीव स्मिथ ने भारत के खिलाफ मेलबर्न में बॉक्सिंग डे टेस्ट में शतक जड़ दिया है। उन्होंने 167 गेंदों पर टेस्ट करियर का 34वां शतक जड़ा। बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन उन्होंने सौ रन पूरे किए। इस शतक के साथ ही स्मिथ टेस्ट में भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में जो रूट, गैरी सोबर्स और विवियन रिचर्ड्स जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया। इतना ही नहीं, यह टेस्ट में उनका लगातार दूसरे टेस्ट में शतक है। इससे पहले ब्रिस्बेन के गाबा में भी उन्होंने पहली पारी में 101 रन की पारी खेली थी। मेलबर्न की पहली पारी में स्मिथ ने 197 गेंद में 13 चौके और तीन छक्के की मदद से 140 रन बनाए।
भारत के खिलाफ सबसे ज्यादा टेस्ट शतक
स्मिथ ने भारत के खिलाफ टेस्ट में अब तक 43 पारियों में 11 शतक जड़े हैं। इस मामले में दूसरे स्थान पर रूट हैं। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 55 पारियों में 10 शतक लगाए हैं। सर गैरी सोबर्स ने भारत के खिलाफ मात्र 30 पारियों में आठ शतक जड़े थे। वहीं, महान सर विवियन रिचर्ड्स ने 41 पारियों में आठ शतक लगाए थे। रिकी पोंटिंग भी इस लिस्ट में हैं। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ 51 टेस्ट पारियों में आठ शतक जड़े थे।
BGT सीरीज से फॉर्म में लौटे स्मिथ
बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के शुरू होने से पहले तक स्मिथ ने इस साल पांच टेस्ट की 10 पारियों में 30.42 की औसत से 213 रन बनाए थे। इनमें सिर्फ एक अर्धशतक था। 91 रन उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर था। वहीं, इस सीरीज के शुरू होने के बाद स्मिथ ने चार टेस्ट की छह पारियों में 52.60 की औसत से 264 रन बना लिए हैं। इनमें दो शतक शामिल हैं।
रेड बॉल टेस्ट में भारत के खिलाफ शानदार आंकड़े
स्मिथ ने भारत के खिलाफ घरेलू मैदान पर रेड बॉल टेस्ट की पहली पारी में खूब रन बनाए हैं। टीम इंडिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर रेड बॉल टेस्ट में उनकी पारियां इस प्रकार रही हैं- 140 रन (इस टेस्ट में), 101 रन, 0, 36 रन, 131 रन, 0, 117 रन, 192 रन, 133 रन और 162* रन। खास बात तो यह है कि भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले स्मिथ के लिए यह साल बेहद खराब रहा था। उनके नाम इस साल टेस्ट में एक भी शतक नहीं था। हालांकि, उन्होंने साल खत्म होने तक जबरदस्त वापसी की और दो शतक जड़ दिए हैं। साल की शुरुआत स्मिथ ने बतौर ओपनर शुरू की थी। डेविड वॉर्नर के संन्यास लेने के बाद स्मिथ को ओपनर के तौर पर प्रमोट किया गया था। हालांकि, भारत के खिलाफ सीरीज से पहले क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें चौथे नंबर पर भेजने का फैसला किया और यह फैसला हिट साबित हुआ है।
मेलबर्न में पांचवां टेस्ट शतक
स्मिथ का यह मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर भी पांचवां टेस्ट शतक रहा। स्मिथ भारत के खिलाफ टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों में शीर्ष पांच में शामिल हैं। उन्होंने 11 शतक के अलावा पांच अर्धशतक भी लगाए हैं। स्मिथ भारत के खिलाफ 55 से ऊपर की औसत से 2306 टेस्ट रन से ज्यादा बना चुके हैं। इस लिस्ट में शीर्ष पर रूट हैं। उन्होंने भारत के खिलाफ 30 टेस्ट में 2846 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 58.08 का रहा है। दूसरे नंबर पर 2555 रन के साथ रिकी पोंटिंग हैं। 2431 रन के साथ एलिस्टेयर कुक तीसरे स्थान पर हैं। सर क्लाइव लॉयड 2344 रन के साथ चौथे स्थान पर हैं। इनके बाद स्टीव स्मिथ का नंबर आता है।