धनशोधन मामले में केरल के पूर्व सीएम विजयन के घर-दफ्तर की तलाशी, सीपीएम बोली- बदले की कार्रवाई

शेयर करे

इंडिया रिपोर्टर लाइव

तिरुवनंतपुरम 27 मई 2026। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को कथित धन शोधन मामले में केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के तिरुवनंतपुरम स्थित आवास पर छापेमारी की। यह कार्रवाई बहुचर्चित सीएमआरएल-एक्सालॉजिक मासिक भुगतान मामले में की गई, जिसने केरल की राजनीति में हलचल तेज कर दी है।

विजयन की बेटी के हुए बयान दर्ज

ईडी पहले ही विजयन की बेटी टी वीना का बयान दर्ज कर चुकी है। वीना की आईटी कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशन इस पूरे विवाद के केंद्र में है। हालांकि अब तक विजयन से पूछताछ नहीं हुई है, लेकिन संकेत हैं कि जांच आगे बढ़ने पर एजेंसी उनका बयान भी दर्ज कर सकती है।

ईडी ने कैसे की कार्रवाई?

जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 6 बजे ईडी की समन्वित कार्रवाई शुरू हुई। यह छापेमारी केरल हाईकोर्ट के उस फैसले के एक दिन बाद हुई, जिसमें अदालत ने ईडी को सीएमआरएल (कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड) और एक्सालॉजिक के बीच कथित वित्तीय लेनदेन की जांच जारी रखने की अनुमति दी थी। केरल में एक साथ 10 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। इनमें तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन के पास स्थित विजयन का किराए का आवास भी शामिल था, जहां टी वीना भी रहती हैं। इसके अलावा CMRL के दफ्तरों और कंपनी के वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े परिसरों पर भी छापेमारी की गई। CMRL के प्रबंध निदेशक ससिधरन कार्था से जुड़े ठिकाने भी जांच के दायरे में रहे। सूत्रों के अनुसार, जांच अधिकारी कथित मासिक भुगतान से जुड़े डिजिटल उपकरणों, वित्तीय दस्तावेजों और लेनदेन रिकॉर्ड की जांच कर रहे हैं। ईडी की टीम ने बेपोर से CPI(M) विधायक और वीना विजयन के पति पीए मोहम्मद रियाज के आवास पर भी दस्तक दी।

क्या लगे हैं आरोप?

ईडी की जांच उन आरोपों पर आधारित है, जिनमें कहा गया है कि एक्सालॉजिक सॉल्यूशन  को खनन कंपनी CMRL से भारी रकम मिली, जबकि बदले में कोई वैध सेवा नहीं दी गई। इससे पहले गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) की जांच और आयकर विभाग की कार्यवाही में भी इन वित्तीय लेनदेन को संदिग्ध बताया गया था। जांच में इन्हें मंथली रिटेनर यानी मासिक भुगतान की श्रेणी में रखा गया था। मंगलवार को केरल हाईकोर्ट ने CMRL और उसके अधिकारियों द्वारा दायर उन याचिकाओं को खारिज कर दिया, जिनमें ईडी जांच रद्द करने की मांग की गई थी। अदालत ने कहा कि मामले में पहली नजर में मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत दिखाई देते हैं और एजेंसी की जांच में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया। अदालत के इसी फैसले के बाद बुधवार को ईडी की छापेमारी और पूछताछ की कार्रवाई शुरू हुई।

क्या है मामला?

यह मामला हाल के वर्षों में किसी वरिष्ठ CPI(M) नेता के खिलाफ सबसे बड़ी जांचों में से एक माना जा रहा है। हालांकि वाम मोर्चा लगातार इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताता रहा है, लेकिन ED द्वारा एक पोलित ब्यूरो सदस्य और पूर्व मुख्यमंत्री के घर तक पहुंचने से केरल की राजनीति में दांव और बढ़ गए हैं। जांच एजेंसियां अब यह भी देख रही हैं कि क्या इन वित्तीय लेनदेन में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA) के अलावा टैक्स और विदेशी मुद्रा नियमों का भी उल्लंघन हुआ है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मामले से जुड़े कई अहम लोगों को समन भेजा जा सकता है और पूछताछ का दायरा और बढ़ सकता है।

सीपीआईएम के कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

तलाशी की खबर फैलते ही CPI(M) कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। कई स्थानों पर पार्टी समर्थकों ने ED के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि यदि विजयन को लगातार निशाना बनाया गया तो बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

जयराजन ने ईडी की कार्रवाई पर उठाए सवाल 

विजयन के कन्नूर स्थित आवास पर पहुंचने वाले वरिष्ठ CPI(M) नेताओं में पूर्व विधायक पी. जयराजन भी शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा और कांग्रेस के समर्थन से चलाया जा रहा संयुक्त राजनीतिक अभियान है। पी. जयराजन ने पत्रकारों से कहा कि सबको राहुल गांधी का वह बयान याद है, जिसमें उन्होंने पूछा था कि पिनाराई विजयन को गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया। अब केरल की राजनीति बदलने के बाद विजयन के खिलाफ संगठित हमला किया जा रहा है। उन्होंने ईडी की कार्रवाई के समय पर भी सवाल उठाए। जयराजन ने कहा कि यह छापेमारी उस मुलाकात के एक दिन बाद हुई है, जब केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीशान ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

उन्होंने कहा कि CMRL मामला दिल्ली की अदालत में विचाराधीन है, फिर इतनी जल्दबाजी क्यों दिखाई जा रही है? ईडी का इस्तेमाल भाजपा के विरोधियों को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है। केंद्रीय एजेंसियों के जरिए नया राजनीतिक नैरेटिव तैयार किया जा रहा है। सभी जानते हैं कि CPI(M) ने सांप्रदायिकता के खिलाफ हमेशा मजबूत रुख अपनाया है।

रियाज ने भी केंद्र पर साधा निशाना

वहीं, रियाज ने भी फेसबुक पोस्ट के जरिए केंद्र सरकार और संघ परिवार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि चाहे हमें चारों तरफ से घेर लिया जाए और हमला किया जाए, लेकिन हम संघ परिवार के सामने घुटने नहीं टेकेंगे। आखिरी सांस तक लड़ाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Next Post

'दो-तीन साल पहले बांग्लादेश से आए थे': सीमा पर अवैध प्रवासियों का कबूलनामा, बंगाल में घुसपैठियों पर कार्रवाई

शेयर करे इंडिया रिपोर्टर लाइव कोलकाता 27 मई 2026। पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों के खिलाफ अब कार्रवाई तेज होती दिख रही है। सीमा के पास पहुंचे कई लोगों ने खुद माना कि वे दो-तीन साल पहले बांग्लादेश से भारत आए थे। कुछ लोग काम की तलाश में आए, तो […]

You May Like

रूस ने भारत को दिया Su-57 का ऑफर: राष्ट्रपति पुतिन बोले- मिलकर करेंगे काम, कोई नहीं रोक सकता....|....बंगाल में एनआईए का बड़ा एक्शन, बम विस्फोट मामले में टीएमसी का पूर्व विधायक गिरफ्तार....|....झांसी के होटल में खूनी खेल: पुरानी रंजिश में चाचा-भतीजे पर धारदार हथियार से हमला, एक की मौत... दूसरा गंभीर....|....ईरान-अमेरिका के बीच मिसाइल हमलों का कम्पीटीशनः  IRGC बोला- दुश्मन के कई ठिकाने उड़ाए, यूएस ने भी.......|....टोरंटो में भारतीय उत्सव से दुनिया में छिड़ा विवाद, "कनाडा पर इंडिया का कब्जा..." टिप्पणी से मचा बवाल....|....मोरबी में दर्दनाक सड़क हादसा: आप नेता समेत पांच लोगों की मौत, दो की हालत गंभीर; कार के उड़े परखच्चे....|....पीओके में तैनात किए जाएंगे 14 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी, लोगों में बढ़ी चिंता....|....युद्धविराम के बीच फिर भड़का तनाव, हिजबुल्ला ने इस्राइली लड़ाकू विमानों पर दागीं मिसाइलें....|....'परमाणु हथियार बनाने की स्थिति में नहीं तेहरान': ट्रंप का बड़ा दावा- लगभग खत्म हो चुकी है ईरान की मिसाइल ताकत....|....यूएन में पाकिस्तान ने फिर अलापा कश्मीर का राग; भारत ने लगाई कड़ी फटकार, बोला- ये झूठ फैलाने का मंच नहीं