
इंडिया रिपोर्टर लाइव
नई दिल्ली 19 जुलाई 2021। शिखर धवन (86*) और ईशान किशन (59) की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारत ने पहले वन-डे में श्रीलंका को सात विकेट से करारी शिकस्त दी। इसी के साथ टीम इंडिया तीन मैचों की वन-डे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका ने निर्धारित 50 ओवर्स में नौ विकेट के नुकसान पर 262 रन बनाए। जवाब में भारत ने तीव विकेट खोकर 80 गेंदें शेष रहते ही यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। भारत की तरफ से शिखर धवन ने कप्तानी पारी खेली। उन्होंने 95 गेंदों में छह चौके और एक छक्के की मदद से 86 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान धवन ने अपने वन-डे करियर का 33वां अर्धशतक पूरा किया। साथ ही वह वन-डे क्रिकेट में अपने 6000 रन भी पूरे किए।
धवन के अलावा बर्थडे ब्वॉय ने भी अपने डेब्यू वन-डे में कमाल का प्रदर्शन किया। ईशान ने अपनी पारी में 42 गेंदों में 8 चौके और दो छक्के की मदद से 59 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। उन्होंने वन-डे में डेब्यू पर दूसरा सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। वहीं, मैच में शानदार शुरुआत दिलाने के लिए सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ को मैन ऑफ द मैच चुना गया, क्योंकि शॉ ने टीम इंडिया को बेहतरीन शुरुआत दिलाई थी। भारत ने शॉ की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी के दम पर 4.5 ओवरों में 50 रन का आंकड़ा छू लिया था। पृथ्वी ने अपनी पारी में 24 गेंदों में 9 चौके की मदद से 43 रन बनाए।
धवन ने बनाए सबसे तेज 6000 रन
17वें ओवर की तीसरी गेंद पर धवन ने दो रन के साथ वन-डे क्रिकेट में पारियों के आधार पर सबसे तेज 6000 रन पूरे किए। 23 रन पूरा करते ही वह सबसे तेज 6 हजार रन बनाने वाले दुनिया के चौथे और भारत के 10वें क्रिकेटर बन गए। उन्होंने 140 पारियों में यह कमाल किया है। इससे पहले हाशिम हमला (123), विराट कोहली (136) और केन विलियमसन (139) ऐसा कर चुके हैं। इसके अलावा शिखर धवन श्रीलंका के खिलाफ वन-डे क्रिकेट में सबसे तेज (17 पारियों में) 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए।
डेब्यू मैच में ईशान किशन ने जड़ा अर्धशतक
अपने डेब्यू वन-डे में ही ईशान किशन ने पचासा जड़ दिया। उन्होंने 15वें ओवर की चौथी गेंद पर चौके के साथ अपना अर्धशतक (33 गेंदों में) पूरा किया। इसी के साथ ईशान किशन वन-डे डेब्यू पर सबसे तेज अर्धशतक जड़ने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए। पहले नंबर पर भारत के ही क्रुणाल पांड्या हैं। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वन-डे में डेब्यू पर 26 गेंदों पर पचासा जड़ा था। ईशान डेब्यू वनडे में 50 से अधिक स्कोर करने वाले 16वें भारतीय बल्लेबाज भी बन गए। ईशान इकलौते ऐसे भारतीय बल्लेबाज हैं, जिसने टी-20 और वनडे दोनों फॉर्मेट में डेब्यू पर फिफ्टी लगाई। इससे पहले यह रिकॉर्ड भारत के ही रॉबिन उथप्पा के नाम था।