
इंडिया रिपोर्टर लाइव
चेन्नई 11 मई 2026। तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिलने के बाद द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) प्रमुख और कार्यवाहक मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी सरकार गठन की प्रक्रिया में कोई अड़चन पैदा नहीं करेगी और जनता के हित में रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। शनिवार को जारी भावुक संदेश में स्टालिन ने अपने पिता और पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि को याद करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं और तमिल जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि भले ही सत्ता का आंकड़ा किसी दल के पक्ष में नहीं गया, लेकिन द्रमुक नेतृत्व वाले धर्मनिरपेक्ष गठबंधन को जनता का मजबूत समर्थन मिला है।
धर्मनिरपेक्ष गठबंधन आगे भी एकजुट रहेगा
स्टालिन ने बताया कि पार्टी विधायकों ने उन्हें आगे की रणनीति तय करने का अधिकार दिया था। वरिष्ठ नेताओं और सहयोगी दलों से चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया कि राज्य में राजनीतिक अस्थिरता नहीं पैदा होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि दोबारा चुनाव से बचना और तमिलनाडु में स्थिर सरकार बनना सबसे जरूरी है। द्रमुक प्रमुख ने गठबंधन सहयोगियों द्वारा तमिलनाडु विक्ट्री फेडरेशन (TVK) को समर्थन देने के फैसले का सम्मान किया। साथ ही यह भी कहा कि वैचारिक स्तर पर धर्मनिरपेक्ष गठबंधन आगे भी एकजुट रहेगा।
स्टालिन ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
स्टालिन ने बिना नाम लिए कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि गठबंधन के टिकट पर जीतकर आए कुछ विधायक धन्यवाद देने तक नहीं पहुंचे और उसी दिन दूरी बना ली। वहीं उन्होंने CPI, VCK समेत अन्य सहयोगी दलों के नेताओं की सराहना करते हुए कहा कि कठिन समय में उन्होंने द्रमुक का साथ नहीं छोड़ा। उन्होंने वाइको, कादर मोहिदीन, प्रेमलता विजयकांत, जवाहिरुल्ला, ईश्वरन और तमीमुन अंसारी जैसे नेताओं का विशेष धन्यवाद किया।
स्टालिन ने नई सरकार को दी शुभकामनाएं
अपने संदेश में स्टालिन ने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में उनकी सरकार ने तमिलनाडु को विकास और कल्याणकारी योजनाओं के मामले में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई सरकार महिलाओं, युवाओं, छात्रों, गरीबों और सरकारी कर्मचारियों के हित में चल रही योजनाओं को जारी रखेगी। अंत में स्टालिन ने नई सरकार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तमिलनाडु की प्रगति और जनता का हित राजनीति से ऊपर होना चाहिए।


