बोलीं- ‘जावेद अख्तर से खूब झगड़े होते हैं, सब कुछ हंकी-डोरी नहीं’

इंडिया रिपोर्टर लाइव
मुंबई, 29 अगस्त 2026। बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस शबाना आजमी और मशहूर लेखक-गीतकार जावेद अख्तर की शादी को चार दशक से ज्यादा हो चुके हैं। दोनों की जोड़ी बॉलीवुड की चर्चित जोड़ियों में से एक है। हाल ही में शबाना ने जावेद की समझदारी और हाजिरजवाबी की तारीफ की और बताया कि दोनों के एक जैसे विचारों ने उनके रिश्ते को मजबूत बनाया है।
जावेद अख्तर से क्यों आकर्षित हुई थीं शबाना आजमी?
हाल ही में जूम को दिए एक इंटरव्यू में शबाना आजमी ने अपनी शादीशुदा जिंदगी के बारे में खुलकर बात की। शबाना आजमी ने बताया कि जावेद अख्तर की समझदारी और तेज दिमाग ने उन्हें काफी प्रभावित किया था। उन्होंने जावेद को उन सबसे बुद्धिमान लोगों में से एक बताया, जिनसे वह कभी मिली हैं। शबाना ने कहा कि जावेद और उनके पिता की सोच और बैकग्राउंड काफी मिलता-जुलता था। जावेद के माता-पिता भी प्रगतिशील लेखक थे और कम्युनिस्ट पार्टी से जुड़े हुए थे। उन्हें उर्दू शायरी से भी काफी लगाव था। शबाना ने कहा, ‘जावेद और मेरे बीच बड़े झगड़े होते हैं। ऐसा नहीं है कि सब कुछ हमेशा ठीक रहता है। लेकिन हमारी दोस्ती बहुत मजबूत है और हमारी सोच एक जैसी है। हमारी विचारधारा भी एक जैसी है। मेरे लिए यही सबसे ज्यादा जरूरी है।’ उन्होंने आगे जावेद की तारीफ करते हुए कहा कि वह हर तरह के लोगों के साथ आसानी से घुल-मिल जाते हैं। उनमें लोगों से बातचीत करने की अच्छी क्षमता है। शबाना ने कहा कि जावेद बहुत निष्पक्ष इंसान हैं और वह उनकी इस खूबी की काफी इज्जत करती हैं।
हनी ईरानी के साथ रिश्ते पर भी बोलीं शबाना
जावेद अख्तर और शबाना आजमी की शादी के समय दोनों को काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, क्योंकि जावेद उस समय पहले से शादीशुदा थे। उनकी पहली पत्नी स्क्रीनराइटर हनी ईरानी थीं। शबाना ने हनी ईरानी की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने उस मुश्किल समय को बहुत समझदारी और परिपक्वता के साथ संभाला। उन्होंने अपने रिश्ते को एक ऐसा उदाहरण बताया, जिसमें लोग अपने निजी दुख और तकलीफ से ऊपर उठकर एक-दूसरे के साथ सम्मान से रिश्ता बना सकते हैं। शबाना ने कहा, ‘मेरे लिए हनी परिवार के एक सदस्य की तरह हैं। वह जावेद के लिए एक बहन जैसी हैं। हमारा रिश्ता बहुत अच्छा है। उन्होंने कभी बच्चों के मन में मेरे खिलाफ नफरत नहीं भरी। उन्होंने बच्चों के सामने अपने पति की बुराई नहीं की और न ही बच्चों को बांटने की कोशिश की।’ शबाना ने कहा कि हनी बहुत समझदार महिला हैं। उनकी समझदारी और बड़े दिल की वजह से उनके लिए भी यह रिश्ता निभाना आसान रहा। उन्होंने कहा कि वह हनी का दिल से सम्मान करती हैं।
जावेद अख्तर और शबाना आजमी की शादी
- जावेद अख्तर की पहली शादी स्क्रीनराइटर हनी ईरानी से हुई थी।
- दोनों के दो बच्चे हैं- फिल्ममेकर जोया अख्तर और एक्टर-फिल्ममेकर फरहान अख्तर।
- जावेद अख्तर ने अपनी पहली पत्नी से तलाक के बाद साल 1984 में शबाना आजमी से शादी की थी।
- शादी के बाद दोनों ने अपने रिश्ते को मजबूती से निभाया और आज चार दशक से ज्यादा समय बाद भी दोनों एक-दूसरे के साथ हैं।


