
इंडिया रिपोर्टर लाइव
इंदौर, 12 सितंबर 2026। इंदौर की सड़कों पर ट्रैफिक संभालकर सुर्खियों में रहने वाली ट्रैफिक वार्डन शुभी जैन को लेकर एक विवाद सामने आया है। जब वह ट्रैफिक संभाल रही थीं, तब दो पुलिसकर्मी एक आरोपी को बाइक पर बैठाकर ले जा रहे थे। सिग्नल पर उनका विवाद एक रिक्शा चालक से हो गया। वे चालक की रिक्शा के फोटो खींचने लगे। विवाद होता देख शुभी वहां पहुंचीं तो एक पुलिसकर्मी ने कहा, “आप लेडिज जात हो, आप मुझसे बात मत करो।” लेडिज जात कहकर संबोधित करने पर शुभी ने आपत्ति ली और अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर घटना के बारे में बताया।
शुभी ने कहा, “मैं हमेशा ट्रैफिक संभालते समय मुस्कुराते हुए बात करती हूं। विवाद होता देख मैं वहां पहुंची तो दोनों पुलिसकर्मियों ने मुझे आपत्तिजनक शब्द बोले। वे पुलिसकर्मी रिक्शा चालक के फोटो खींच रहे थे। उसकी गाड़ी का नंबर नोट कर रहे थे और चालान बनाने की बात कह रहे थे, जबकि वे ट्रैफिक विभाग में नहीं हैं।”
शुभी ने कहा कि पुलिस को देखकर आम लोगों को डर नहीं, बल्कि सुरक्षा का भाव आना चाहिए, लेकिन कई बार पुलिसकर्मी अपने व्यवहार से आमजनों के बीच पुलिस की छवि बिगाड़ते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद ट्रैफिक डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने रिपोर्ट मांगी है। आपको बता दें कि शुभी ट्रैफिक वार्डन के रूप में इंदौर में अपनी सेवाएं देती हैं। ट्रैफिक संभालते हुए उनके वीडियो अक्सर वायरल होते हैं, लेकिन इस बार उनके साथ हुई घटना के कारण उनका वीडियो वायरल हो रहा है।


