फरार मैनेजर सहित दस लोगों हुए गिरफ्तार

इंडिया रिपोर्टर लाइव
इंदौर, 27 अक्टूबर 2026। देवास के चंदाना और बिंजाना गांव में कथित अवैध शराब के सेवन से हुई 13 मौतों के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने दो वाइन शॉप के मैनेजरों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 54 लीटर शराब भी जब्त की गई है।
मामले में मुख्य आरोपी विनोद जायसवाल बताया जा रहा है, जो दोनों गांवों में ग्रामीणों को शराब बेचता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी शराब कहां से खरीदकर लाता था और इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है। हालांकि, शराब के सैंपल की जांच रिपोर्ट अभी आना बाकी है।
20 दिन में दो गांवों में 13 मौतें
देवास के चंदाना और बिंजाना गांव में पिछले 20 दिनों में 13 लोगों की मौत हुई है। मृतकों के परिजनों ने आरोप लगाया कि शराब पीने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी थी। परिजनों के मुताबिक, कुछ लोगों को दिखाई देना बंद हो गया था। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ। हालांकि, सभी मृतकों का पोस्टमार्टम नहीं कराया गया।
तीन दिन पहले एसडीएम अभिषेक शर्मा ने शराब से मौत होने की आशंका को गलत बताया था। उनका कहना था कि मृतकों में दो महिलाएं थीं, जिनकी मौत स्वाभाविक थी। वहीं, दो मृतकों की उम्र 65 वर्ष से अधिक थी। अस्पतालों में भी शराब पीने से बीमार होने के मामले सामने नहीं आए थे। इसके बावजूद सोमवार को पुलिस ने कथित अवैध शराब बिक्री के मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में सेल्समैन भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी आपस में जुड़े हुए थे और अवैध शराब बेचने का नेटवर्क चला रहे थे। आबकारी विभाग ने संदिग्ध शराब के सैंपल जांच के लिए भेजे हैं, जिनकी रिपोर्ट का इंतजार है।


