खंभे से टकराई थी बाइक

इंडिया रिपोर्टर लाइव
सहरसा, 18 सितंबर 2026। बिहार के सहरसा जिले के सोनवर्षाराज प्रखंड क्षेत्र में विश्वकर्मा पूजा की खुशियां मातम में बदल गईं। सहमौरा के समीप हुए एक भीषण सड़क हादसे में 25 साल के युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र के साहपुर गांव, वार्ड नंबर-10 निवासी स्वर्गीय विधिया पोद्दार के बेटे श्याम कुमार उर्फ घनश्याम पोद्दार के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, श्याम अपने दोस्त से बाइक मांगकर विश्वकर्मा पूजा का सामान खरीदने के लिए सोनवर्षाराज बाजार जा रहा था। इसी दौरान सहमौरा के पास बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के तुरंत बाद बाइक का मालिक अपनी मोटरसाइकिल लेकर मौके से निकल गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
हादसे की जानकारी मिलते ही सोनवर्षाराज थाना के अपर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
चार साल पहले हुई थी शादी, परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजनों ने बताया कि श्याम की शादी करीब चार साल पहले हुई थी और उनका एक छोटा बेटा भी है। वह मजदूरी करके पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब एक साल पहले ही उसके पिता की मौत हुई थी। तीन भाइयों में सबसे बड़ा होने के कारण घर चलाने की पूरी जिम्मेदारी श्याम के ही कंधों पर थी। उसकी असमय मौत के बाद पत्नी, मासूम बच्चे और भाइयों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। गांव में भी इस हादसे के बाद शोक का माहौल है।


